लोकसभा परिसर में सनातन धर्म के कथित अपमान के विरोध में विश्व हिंदू परिषद का प्रदर्शन, रांची में सद्बुद्धि हवन और पुतला दहन
संतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समाज में सद्भाव और राष्ट्रहित की कामना की, नेताओं से धार्मिक भावनाओं के सम्मान की अपील
रांची। लोकसभा परिसर में सनातन धर्म के कथित अपमान को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) रांची महानगर ने शनिवार को राजधानी रांची में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया। शहीद चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैदिक रीति-रिवाज से "सद्बुद्धि हवन" किया गया तथा बाद में अल्बर्ट एक्का चौक पर बिहार के सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता, संत-महात्मा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुई। पूज्य स्वामी सत्यनारायण महाराज, स्वामी दिव्यानंद महाराज एवं चैतन्य स्वामी ने हवन कुंड में आहुति देकर राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक सौहार्द एवं धार्मिक सद्भाव की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित संतों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा विश्व को शांति, सहिष्णुता, करुणा और मानवता का संदेश देती है तथा इन मूल्यों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
स्वामी दिव्यानंद महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की शाश्वत पद्धति है, जिसने सदियों से विश्व को 'वसुधैव कुटुंबकम्' का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, परंपरा अथवा संत समाज के प्रति अपमानजनक व्यवहार समाज में अनावश्यक तनाव उत्पन्न करता है। उन्होंने संबंधित नेताओं से अपने आचरण पर पुनर्विचार करने तथा भविष्य में धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
स्वामी सत्यनारायण महाराज एवं चैतन्य स्वामी ने भी कहा कि संत समाज सदैव राष्ट्र, धर्म और समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक परंपरा या संतों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और समाज उन्हें स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक जीवन में संयमित भाषा एवं मर्यादित आचरण अपनाने का आग्रह किया।
हवन के उपरांत विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया और सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आस्था के सम्मान और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए नारेबाजी भी की।
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, मनोज पांडे, रेनू अग्रवाल, अनिमा पांडे, अशोक पुरोहित, योगेश खेड़वाल, गोपाल पारीख, रविशंकर राय, अनिल जालान, रतन केशरी, रेखा मिश्रा, अजय राजगढ़िया, अभिषेक गुप्ता (बंटी), रघुवीर रूंगटा, सुमित कुमार वर्मा, अजीत गुप्ता, अंशिका राजपूत, सलोनी श्रीवास्तव, श्वेता साहू, प्रतिमा कुमारी, अमूल्य शंकर, अरविंद सिंह, अशोक चंद्र तिवारी, रोशन कुमार, मयूर, पारस जायसवाल सहित बड़ी संख्या में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी बजरंग दल बिरसानगर संयोजक अभय कुमार ने दी।
(संपादकीय टिप्पणी: यह समाचार विश्व हिंदू परिषद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें उल्लिखित आरोप संबंधित संगठन के दावे हैं। संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
Reviewed by PSA Live News
on
10:39:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: