ब्लॉग खोजें

पहाड़ी मंदिर में श्रावणी मेला: प्रत्येक सोमवारी को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित


रांची:
श्रावणी मेला 2026 के दौरान पहाड़ी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रांची यातायात पुलिस ने 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। प्रत्येक सोमवारी (3, 10, 17 एवं 24 अगस्त) तथा पूर्णिमा (28 अगस्त) के दिन पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है और वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, कटहल मोड़, तिलता चौक एवं रातू पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले वाहन बिरला मैदान पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। वहीं धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हटिया, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली एवं हरमू-अरगोड़ा की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए बानो मंजिल रोड स्थित मैदान पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली, कांटाटोली एवं लालपुर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन रांची विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान (मोरहाबादी) पार्किंग स्थल में खड़ा कर सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली, गोशाला कटिंग तथा बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट अथवा रोका जा सकता है।

रांची यातायात पुलिस ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पहाड़ी मंदिर के आसपास की सड़कों पर अपने दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन खड़े न करें। सभी वाहन केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही, आपातकालीन सेवाओं तथा यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

पहाड़ी मंदिर में श्रावणी मेला: प्रत्येक सोमवारी को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित पहाड़ी मंदिर में श्रावणी मेला: प्रत्येक सोमवारी को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित Reviewed by PSA Live News on 7:31:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.