रामनगर में तड़के हुई मुठभेड़; पुलिस के अनुसार फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
वाराणसी/रांची, 20 सितंबर। उत्तर प्रदेश एटीएस ने रविवार तड़के वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए झारखंड में सक्रिय प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मुठभेड़ में मार गिराया। बृजेश पर झारखंड सरकार और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यूपी ATS की टीम ने रामनगर के लंका मैदान के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि रोकने पर बृजेश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ATS टीम उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
दो पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बचे
रिपोर्टों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान उग्रवादी की ओर से की गई गोलीबारी में यूपी ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
30 लाख रुपये का था इनाम
बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये, जबकि NIA ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह NIA के कई मामलों में वांछित बताया गया था और झारखंड में TPC के प्रमुख कमांडरों में शामिल था।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, बृजेश गंझू लंबे समय से झारखंड में सुरक्षा एजेंसियों के लिए वांछित था। वाराणसी में हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस और ATS ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है तथा फरार साथी की तलाश जारी है।
Reviewed by PSA Live News
on
7:22:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: