ब्लॉग खोजें

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर पातेपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन; जिलाध्यक्ष बोले— मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन


पातेपुर (वैशाली):
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और दो चुनाव आयुक्तों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को पातेपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। हाथों में पार्टी का झंडा और अपनी मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया और पूरी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनावी व्यवस्था को लेकर उठाए गए गंभीर सवालों पर चुनाव आयोग को देश के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य तारक चौधरी और वरिष्ठ नेता पारस चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मामलों में उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं प्रखंड अध्यक्ष मो. अनवारूल हक ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची के एसआईआर (SIR) सहित आयोग के कामकाज से जुड़े तमाम मुद्दों पर स्पष्टता मिलना बेहद जरूरी है।

इस प्रदर्शन में इंटक के जिला महामंत्री बिपिन कुमार सिंह, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, जंदाहा प्रखंड अध्यक्ष चंदन झा, देसरी प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार और एनएसयूआई के प्रदेश सचिव अरविंद आजाद प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके अलावा एजाज अहमद, मो. अजीमुद्दीन टेलर, सुनील शाह, वशिष्ठ महतो, रामचंद्र राय, अजीत कुमार सिंह, समता महाविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर कुमार और सुबोध पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर पातेपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन; जिलाध्यक्ष बोले— मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन  मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर पातेपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन; जिलाध्यक्ष बोले— मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन Reviewed by PSA Live News on 3:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.