ब्लॉग खोजें

रूपाली मेहता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, मनमोहक झांकियों ने बांधा समां

गणेश महोत्सव की दूसरी संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा पंडाल


हरियाणा, हिसार/राजेश सलूजा।
बरवाला में ‘आओ मिलकर साथ चलें’ युवा संगठन (रजि. 1080) के तत्वावधान में दौलतपुर रोड स्थित नगर परिषद के वाइस चेयरमैन ताराचन्द नलवा के कार्यालय परिसर में आयोजित पांचवें विशाल श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गणपति महोत्सव की दूसरी संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भगवान श्री गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी आयुष शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

महोत्सव की दूसरी संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध भजन गायिका रूपाली मेहता की भजन संध्या रही। जैसे ही रूपाली मेहता ने भगवान श्री गणेश की स्तुति एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू की, पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। उनके मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भजन संध्या का भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और समय-समय पर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गईं मनमोहक धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। भगवान श्री गणेश एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति और भक्ति संगीत ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन इंद्रजीत शेखावत ने अपने चिर-परिचित ओजस्वी एवं रोचक अंदाज में किया। उन्होंने कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजन से जोड़े रखा। उनके मंच संचालन की उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।

मुख्य अतिथि आयुष शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने गणेश महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजक मंडल एवं नगर परिषद के वाइस चेयरमैन ताराचन्द नलवा द्वारा मुख्य अतिथि आयुष शर्मा तथा भजन गायिका रूपाली मेहता को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री गणेश की भव्य आरती की गई। आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक साथ भगवान गणेश की आराधना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। महोत्सव परिसर पूरी तरह गणेशमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

रूपाली मेहता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, मनमोहक झांकियों ने बांधा समां रूपाली मेहता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, मनमोहक झांकियों ने बांधा समां Reviewed by PSA Live News on 5:29:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.