आरओबी निर्माण, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण की मांग; लिखित आश्वासन पर अड़े अनशनकारी
देसरी, 20 सितंबर 2026।
देसरी में रेलवे से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में देसरी रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण, प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का देसरी स्टेशन पर ठहराव, रेलवे स्टेडियम का सौंदर्यीकरण सहित अन्य रेलवे सुविधाओं का विकास शामिल है।
रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक दल के पूर्व नेता डॉ. शकील अहमद खां भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारियों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और जिलाधिकारी वर्षा सिंह से टेलीफोन पर बातचीत कर मामले में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
इसके बाद डीसीएलआर महनार सुधांशु शेखर, प्रखंड विकास पदाधिकारी महनार मुकेश कुमार और देसरी अंचलाधिकारी कुमारी आंचल भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित पत्र भी प्राप्त किया और उसे जिलाधिकारी तक भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
लिखित आश्वासन के बाद ही आंदोलन समाप्त करने की मांग
प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया गया, लेकिन अनशन पर बैठे कांग्रेस जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने स्पष्ट किया कि वरीय अधिकारियों की ओर से मांगों पर ठोस और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही भूख हड़ताल समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। इस मुद्दे पर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति नहीं बन सकी और वार्ता विफल रही।
इससे पहले शनिवार की रात करीब 11 बजे विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी भी अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और कहा कि वे इन मांगों को सरकार के समक्ष उठाएंगे।
अनशनकारियों की तबीयत में गिरावट
लगातार तीसरे दिन भूख हड़ताल जारी रहने के कारण अनशनकारियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की बात सामने आई है। जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित, अभिषेक कुमार, मनीष कुमार और अनीश के स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई है। आंदोलनकारियों की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को लेकर समर्थकों में भी चिंता बनी हुई है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि देसरी क्षेत्र की रेलवे संबंधी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं और जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस पहल तथा लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
कई राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
भूख हड़ताल स्थल पर युवा कांग्रेस महासचिव विजय कुमार यादव, राजद के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र प्रसाद राय, देसरी उप प्रमुख अजीत कुमार यादव, कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मो. रुस्तम, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य अरुण सहनी, छात्र नेता राहुल यादव, मनीष यादव, भूषण यादव, डॉ. एम. इस्लाम, डॉ. पी. प्रकाश, संजीव कुमार यादव, दिनेश यादव, पिंटू सिंह, आकाश कुमार, डॉ. अरुण विद्यार्थी, अरविंद ठाकुर, सुबोध पासवान और शशि सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
3:30:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: