ब्लॉग खोजें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो का सेवा संकल्प, प्रदेश कार्यालय में लगा रक्तदान शिविर

युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद के लिए समाज से आगे आने की अपील


रांची।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश भाजपा कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने संयुक्त रूप से किया।

रक्तदान शिविर में भाजयुमो के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वयं रक्तदान करने के साथ समाज के स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। आयोजकों ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति, दुर्घटना पीड़ित अथवा जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

इस अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। समाज के स्वस्थ लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से युवा कार्यकर्ताओं ने समाज में सेवा और सहयोग का सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय उपलब्ध रक्त किसी मरीज और उसके परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है। युवाओं की इस प्रकार की सामाजिक भागीदारी से जनसेवा की भावना को मजबूती मिलती है।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा लोगों के बीच रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजयुमो द्वारा सेवा और समर्पण की भावना के साथ विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं रवींद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, नीरज सिंह, भाजयुमो रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह, दिवाकांत दुबे, धीरज अग्रवाल, देवराज सिंह, अमिताभ धीरज, नीरज कुमार, अंशु सिन्हा, कालिंदी, प्रियांशु, सचिन साहू सहित भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो का सेवा संकल्प, प्रदेश कार्यालय में लगा रक्तदान शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो का सेवा संकल्प, प्रदेश कार्यालय में लगा रक्तदान शिविर Reviewed by PSA Live News on 11:39:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.