परिजनों एवं स्वजनों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना
रांची। विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ राजधानी रांची में गणेश उत्सव की भव्य शुरुआत हुई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के रांची स्थित आवास पर उन्होंने परिजनों एवं स्वजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। रक्षा राज्य मंत्री ने भगवान गणपति का आह्वान करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।
पूजन के दौरान भगवान श्री गणेश को विधिवत स्थापित कर वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती की और परिवार, समाज, झारखंड तथा देश की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने की आरती
गणपति उत्सव के अवसर पर आयोजित संध्या आरती में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह तथा भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभी ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और सामूहिक रूप से गणपति बप्पा की आरती की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान गणेश से समाज में आपसी सद्भाव, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
सात दिनों तक आवास पर विराजमान रहेंगे गणपति बप्पा
रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के आवास पर भगवान श्री गणेश अगले सात दिनों तक विराजमान रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान गणपति की आरती एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। गणपति उत्सव के सातों दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
गणेश उत्सव के माध्यम से भगवान श्री गणेश के प्रति आस्था और श्रद्धा व्यक्त करते हुए रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने सभी नागरिकों के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। उत्सव को लेकर आवास पर विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Reviewed by PSA Live News
on
3:55:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: