ब्लॉग खोजें

पुस्तकें ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाती हैं : एसडीएम राजेश खोथ



हरियाणा हांसी/ राजेश सलूजा। 
 उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद, हांसी द्वारा संचालित टारगेट लाइब्रेरी में पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम हांसी राजेश खोथ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिव्यान ने की। सर्व कल्याण मंच के प्रदेश सचिव रविंद्र अत्री ने विद्यार्थियों को विभिन्न उपयोगी पुस्तकें वितरित कीं।

इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और लक्ष्य प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे टारगेट लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य अध्ययन सामग्री का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा नियमित अध्ययन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

एसडीएम ने इस दौरान एक-एक कर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके अध्ययन तथा भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न भी पूछे। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

राजेश खोथ ने बाल भवन परिसर में बच्चों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल भवन में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध करवाने के लिए सर्व कल्याण मंच के प्रदेश सचिव रविंद्र अत्री का आभार व्यक्त करते हुए एसडीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने जैसे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विशेष रूप से उपयोगी हैं, जहां उन्हें एकाग्रता के साथ अध्ययन करने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर रविंद्र अत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अच्छी पुस्तकें एवं उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुस्तकों के माध्यम से बच्चों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिव्यान ने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद, हांसी का प्रयास है कि बच्चों एवं विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अन्य रचनात्मक कार्यों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि टारगेट लाइब्रेरी इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां विद्यार्थियों को शांत एवं सकारात्मक वातावरण के साथ उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों का सदुपयोग करें और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत एवं अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और निरंतर प्रयास से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए सफलता की ओर आगे बढ़ सकते हैं।

इस अवसर पर संरक्षक अनिल कुमार, निदेशक सतीश वर्मा, मुख्य अध्यापक राम अवतार, कार्यक्रम अधिकारी मोनिका सहित धर्मवीर, अमरजीत, मनीषा, निर्मल, राधा, गीता तथा बाल भवन का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पुस्तकें उपलब्ध करवाने के लिए आयोजकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

पुस्तकें ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाती हैं : एसडीएम राजेश खोथ पुस्तकें ज्ञान के साथ आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाती हैं : एसडीएम राजेश खोथ Reviewed by PSA Live News on 5:06:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.