ब्लॉग खोजें

गांवों से लेकर जिला अस्पताल तक मिल रही निःशुल्क ECG सुविधा: मधुबनी में हर माह 7 हजार मरीजों को मुफ्त लाभ, NCD स्क्रीनिंग में राज्यभर में अव्वल बना जिला


मधुबनी (28 सितंबर 2026)।
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मधुबनी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिल रहा है। जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर जिला स्तरीय सरकारी अस्पतालों तक में मरीजों को निःशुल्क ईसीजी (ECG) जांच की सुलभ सुविधा प्रदान की जा रही है। इस जनकल्याणकारी व्यवस्था के कारण हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की प्राथमिक जांच के लिए अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों को जिला मुख्यालय या पटना के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। सुदूरवर्ती इलाकों के मरीज भी अपने निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तथा अनुमंडलीय अस्पताल (SDH) में जाकर आसानी से मुफ्त ईसीजी जांच व कुशल चिकित्सकों से परामर्श पा रहे हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिमाह लगभग 7,000 मरीजों को इस सुविधा का सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे उनके समय, श्रम और अनावश्यक खर्च की भारी बचत हो रही है।

हृदय संबंधी बीमारियों में समय पर पहचान और त्वरित उपचार अत्यधिक महत्वपूर्ण होता है। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, धड़कन की असामान्यता या अन्य संबंधित लक्षण दिखने पर डॉक्टरी सलाह के अनुसार समय पर ईसीजी कराना जीवनरक्षक साबित होता है। इसी गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने सिविल सर्जन को ईसीजी जांच सुविधा का सुचारु और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध इन मुफ्त सुविधाओं की व्यापक जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे हृदय संबंधी लक्षण दिखने पर घबराने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं और डॉक्टरी सलाह लें।

ईसीजी सुविधा के साथ-साथ मधुबनी जिले में गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय पर पहचान के लिए एक वृहद स्क्रीनिंग अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों (HWC), अनुमंडलीय तथा जिला अस्पतालों के माध्यम से उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और मधुमेह (डायबिटीज) जैसे गैर-संचारी रोगों की शुरुआती चरण में ही पहचान कर मरीजों को मुफ्त इलाज से जोड़ा जा रहा है। NCD स्क्रीनिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मधुबनी जिले ने पूरे बिहार राज्य में लगातार शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को केंद्रों पर जांच उपकरणों की उपलब्धता, गुणवत्तापूर्ण सेवा और मरीजों को उचित मार्गदर्शन की पुख्ता व्यवस्था बनाए रखने का कड़ा निर्देश दिया है।

गांवों से लेकर जिला अस्पताल तक मिल रही निःशुल्क ECG सुविधा: मधुबनी में हर माह 7 हजार मरीजों को मुफ्त लाभ, NCD स्क्रीनिंग में राज्यभर में अव्वल बना जिला गांवों से लेकर जिला अस्पताल तक मिल रही निःशुल्क ECG सुविधा: मधुबनी में हर माह 7 हजार मरीजों को मुफ्त लाभ, NCD स्क्रीनिंग में राज्यभर में अव्वल बना जिला Reviewed by PSA Live News on 10:12:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.