ब्लॉग खोजें

दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन: मधुबनी DM ने 12 कोषांगों के साथ की समीक्षा बैठक, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को होगी मतगणना


मधुबनी।
बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मधुबनी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तर पर गठित 12 विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी चुनावी दायित्वों को ससमय एवं तत्परता के साथ निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए आगामी 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना संपन्न होगी। चुनाव को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए जिला स्तर पर कुल 12 कोषांगों का गठन किया गया है। इसके साथ ही दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं और मतदान केंद्रों के आधिकारिक आंकड़े भी साझा किए गए। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 32 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ 29,093 मतदाता (21,523 पुरुष और 7,570 महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें कुल 1,707 मतदाता (1,463 पुरुष और 244 महिला) पंजीकृत हैं।

विभिन्न कोषांगों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्मिक प्रबंधन कोषांग को मतदान दलों (P-1, P-2, P-3), माइक्रो ऑब्जर्वर तथा आवश्यक आरक्षित (रिजर्व) कर्मियों का त्रुटिरहित एवं अद्यतन डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतिनियुक्ति के दौरान कोई प्रशासनिक कठिनाई न हो। प्रशिक्षण प्रबंधन कोषांग को मास्टर ट्रेनरों के चयन, प्रशिक्षण स्थलों के अधिग्रहण और व्यावहारिक प्रशिक्षण का विस्तृत कैलेंडर तैयार करने का टास्क सौंपा गया। वहीं, सामग्री प्रबंधन कोषांग को चुनाव में प्रयुक्त होने वाली सभी आवश्यक सामग्रियों की पूर्व सूची बनाकर समय रहते अधियाचना भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी केंद्र पर अंतिम समय में सामग्री की कमी उत्पन्न न हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य की सफलता सभी कोषांगों के आपसी समन्वय पर निर्भर करती है, इसलिए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों और कर्मियों को आयोग द्वारा प्रदत्त दिशा-निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।

दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन: मधुबनी DM ने 12 कोषांगों के साथ की समीक्षा बैठक, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को होगी मतगणना दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन: मधुबनी DM ने 12 कोषांगों के साथ की समीक्षा बैठक, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को होगी मतगणना Reviewed by PSA Live News on 9:53:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.