रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 286वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद सह भक्ति महोत्सव संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रांची। राजधानी रांची के पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर प्रांगण में अपार श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ 286वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था, जिसके अंतर्गत दिनभर में 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस विशेष अवसर पर मंदिर में स्थापित श्री राधा रानी जी का अलौकिक एवं दिव्य श्रृंगार मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। उन्हें मनमोहक ताजे पुष्पों तथा आकर्षक आभूषणों से सुसज्जित किया गया था, जिनके दर्शन पाकर भक्त भावविभोर हो उठे। दोपहर ठीक 12 बजे मंदिर के मुख्य पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं संपूर्ण विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई, जिसके पश्चात भगवान श्री राधा-कृष्ण को भक्ति भाव के साथ महाप्रसाद का महाभोग अर्पित किया गया।
महाभोग अर्पित किए जाने के उपरांत महाप्रसाद वितरण का विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं के बीच विशेष रूप से तैयार की गई स्वादिष्ट मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, लीची जूस एवं आलू चिप्स के पैकेटों का वितरण अत्यंत व्यवस्थित और अनुशासित ढंग से किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं नियम के साथ महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में समां बांधने का कार्य भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन संध्या ने किया, जिसमें ट्रस्ट के सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपने सुमधुर एवं कर्णप्रिय भजनों की सुंदर प्रस्तुतियों से संपूर्ण वातावरण को कृष्णमय बना दिया। भजनों की सुरमयी लय और ताल पर श्रद्धालु स्वयं को रोक न सके और भाव-विभोर होकर झूमने लगे। इस दौरान 'राधे-कृष्ण' और 'जय श्री श्याम' के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान हो उठा। भजन संध्या के उपरांत उपस्थित जनसमुदाय द्वारा सामूहिक रूप से अलौकिक महाआरती उतारी गई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का निःशुल्क वितरण नियमित रूप से किया जाता है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और सेवा भावना के कारण मंदिर में हर दिन भक्तों का तांता लगा रहता है और इसी कड़ी में यह 286वां महाप्रसाद आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
इस भव्य आयोजन को अनुशासित एवं सर्वथा सफल बनाने में ट्रस्ट के सदस्यों एवं समाजसेवियों ने अपनी अहम् भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुख्य रूप से डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, पूर्णमल सर्राफ, पवन पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, अंजनी अग्रवाल, आरव अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, नन्द किशोर चौधरी, शिव भगवान अग्रवाल, ज्ञान शर्मा, सुरेश भगत एवं संजय सर्राफ सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Reviewed by PSA Live News
on
9:05:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: