ब्लॉग खोजें

अनूप माझी सिंडिकेट की ₹815 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, ED की जांच जारी


रांची : 
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के लीज क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने कोयला माफिया अनूप माझी उर्फ लाला के सिंडिकेट से जुड़ी 136.44 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की है।

जब्त संपत्तियों में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित गढ़ पंचकोट इको टूरिज्म और बांकुड़ा स्थित बिहारीनाथ इको टूरिज्म नामक दो होटल-सह-रिसॉर्ट, कोलकाता की दो संपत्तियां, शेल कंपनियों के बैंक खातों में जमा राशि और माझी के परिवार के सदस्यों के नाम पर शेयर व म्यूचुअल फंड में किए गए निवेश शामिल हैं।

इससे पहले भी ईडी अनूप माझी से जुड़ी 678.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। नई कार्रवाई के बाद अब तक जब्त संपत्तियों का कुल मूल्य 815.08 करोड़ रुपये हो गया है।

कोयले की अवैध बिक्री से कमाई का आरोप

ईडी की जांच के अनुसार, अनूप माझी उर्फ लाला के नेतृत्व वाला सिंडिकेट ईसीएल के लीज क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध कोयला खनन और चोरी करता था। इसके बाद कोयले को स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की कथित मदद से पश्चिम बंगाल की विभिन्न फैक्ट्रियों में नकद बेचा जाता था।

जांच एजेंसी का आरोप है कि अवैध कमाई को छिपाने के लिए कई शेल कंपनियां बनाई गईं। इन कंपनियों को रिश्तेदारों, कर्मचारियों और मुख्य सहयोगी गुरुपदा माझी के नाम पर रखा गया था। कोयले की बिक्री से प्राप्त नकदी को कथित तौर पर फर्जी लेनदेन के जरिए कंपनियों के बैंक खातों में जमा किया जाता था, ताकि धन के वास्तविक स्रोत और मालिकाना हक को छिपाया जा सके।

ईडी के मुताबिक, अवैध कमाई को रिसॉर्ट्स सहित अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया। एजेंसी अब संपत्तियों के वास्तविक लाभार्थियों का पता लगाने के साथ-साथ अवैध कोयला खनन और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल अन्य व्यक्तियों व संस्थाओं की भूमिका की जांच कर रही है।

अनूप माझी सिंडिकेट की ₹815 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, ED की जांच जारी अनूप माझी सिंडिकेट की ₹815 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, ED की जांच जारी Reviewed by PSA Live News on 9:24:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.