सर्वपैतृ अमावस्या और महालया पर राँची के श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में हुआ भव्य श्रृंगार, 952वें भंडारे में 1443 भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद
रांची। राँची के रातू रोड स्थित राणी सती मंदिर लेन में अवस्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (श्रीतिरुपति बालाजी) मंदिर में शनिवार, 10 अक्टूबर को आश्विन मास की स्नान-दान सहित सर्वपैतृविसर्जन अमावस्या एवं महालया महापर्व के पावन अवसर पर विविध धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष पर्व पर अलसुबह मंदिर के कपाट खुलते ही सबसे पहले परात्परब्रह्म परमात्मा श्रीश्रीनिवास का दिव्य विश्वरूप दर्शन कराया गया, जिसके पश्चात वैदिक विधान और नारद पांचरात्र आगम शास्त्र के अनुकूल तिरू-आराधना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद विभिन्न मुद्राएँ प्रदर्शित करते हुए, चँवर, दर्पण एवं पंखा झलकर घंटा-घड़ियाल की मधुर ध्वनियों के बीच भगवान को पायसान्न, खिचड़ी, फल व मेवे का बालभोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर दंपति का पुष्प राशियों से अलौकिक श्रृंगार कर नक्षत्र, कुम्भ एवं कर्पूर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की गई तथा श्रुति, उपनिषद एवं श्रीमद् वेदांत देशिक स्वामी विरचित स्तोत्राणि से स्तवन किया गया।
महालया और अमावस्या पर भगवान के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक श्रीतिरुपति बालाजी की हुण्डी में अर्पण कर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं वंश वृद्धि के लिए प्रार्थना की तथा पितरों की तृप्ति के लिए भगवान श्रीहरि वेंकटेश्वर एवं माता महारानी लक्ष्मी जी की विशेष अर्चना कराई। मंदिर परिसर में आयोजित 952वें साप्ताहिक भंडारे में 1443 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पायसान्न (खीर) महाभोग का प्रसाद ग्रहण किया। इस भंडारे के मुख्य यजमान लालपुर निवासी श्री विकास शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रुचिता शर्मा रहे।
कार्यक्रम में पुष्प श्रृंगार का सौभाग्य रातू रोड निवासी श्री प्रकाश मोदी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि मोदी को प्राप्त हुआ, जबकि दिनभर के भोग सेवा के यजमान कांके रोड निवासी श्री विवेक बड़जात्या एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रिया तायल तथा लालपुर निवासी श्री महावीर प्रसाद शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रमादेवी शर्मा रहे। मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास ने दिनभर के सभी अनुष्ठानों को सुचारू रूप से संपन्न कराकर रात्रि शयन आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर सर्वश्री राम अवतार नारसरिया, राजेश सुलतानिया, प्रदीप नारसरिया, रंजन सिंह एवं सुशील गाड़ोदिया सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
7:52:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: