ब्लॉग खोजें

राँची के श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्यता के साथ संपन्न हुई पापांकुशा एकादशी, गूंजे वेद मंत्र और "गोविंदा" के जयकारे


रांची। 
राँची की पावन भूमि पर स्थित भारत के सैकड़ों दिव्य देशों में शुमार श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में आश्विन शुक्ल पक्ष की पापांकुशा एकादशी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का एक अद्भुत व अलौकिक संगम देखने को मिला। कलियुग के प्रत्यक्ष देवोत्तमा श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर के दरबार में 22 अक्टूबर को प्रातःकाल से लेकर रात्रि तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और सेवाक्रमों का भव्य सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा मंदिर परिसर वेदों की ऋचाओं और अध्यात्मिक ऊर्जा से प्रतिध्वनित होता रहा।

उत्सव की शुरुआत भगवान के प्रातः वंदन और पारंपरिक 'सुप्रभातम्' सेवा के साथ हुई, जिसके बाद अनेकों विधियों का पालन करते हुए षोडषोपचार पूजा और तिरुवाराधना का संपादन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में गूंजती वेदादि क्रमपदादि उच्चारित ऋचाओं को सुनकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन आह्लादित हो उठा। इसके पश्चात, विश्व के अंतर्यामी भगवान की आराधना करते हुए नक्षत्र, कुंभ और घी की बाती से कई चक्रों में भव्य महाआरतियाँ उतारी गईं, जिनकी अलौकिक छटा देखते ही बनती थी। अनुष्ठान के अगले चरण में भगवान को सावाँ दाना की खीर, साबूदाना और आलू की खिचड़ी, कुट्टू आटे के पकौड़े, सिंघाड़े के आटे का हलवा एवं विशेष रायता समेत एकादश प्रकार के फलाहारी व्यंजनों का दिव्य भोग लगाया गया। भोग अर्पण के बाद सुश्राव्य वेदध्वनियों, उपनिषदों और देशिक स्तोत्राणि के पाठ के साथ भगवान की महास्तुति की गई।

इन तमाम पवित्र विधानों के पूर्ण होने के पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर गोपुरम के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और "श्रीनिवासा गोविंदा, श्री वेंकटेशा गोविंदा" के जय-जयकार की गूंज से पूरा क्षेत्र गूंजायमान हो उठा। इस संपूर्ण और भव्य अनुष्ठान का संचालन मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम और नारायण दास द्वारा पूरी विधि-विधान के साथ कराया गया। इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने वाले प्रमुख गणमान्य श्रद्धालुओं में सर्वश्री राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, राजेश सुल्तानिया, रंजन सिंह, शंभू नाथ मिश्रा, अमरनाथ पाठक, उदय राठौड़, रामवृक्ष साहू, सुशील लोहिया, अतुल त्रिपाठी और मनोज मुरारका सहित सैकड़ों भक्तजन शामिल रहे।

राँची के श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्यता के साथ संपन्न हुई पापांकुशा एकादशी, गूंजे वेद मंत्र और "गोविंदा" के जयकारे राँची के श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्यता के साथ संपन्न हुई पापांकुशा एकादशी, गूंजे वेद मंत्र और "गोविंदा" के जयकारे Reviewed by PSA Live News on 9:20:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.