मारवाड़ी सम्मेलन ने दी शुभकामनाएं, कहा- पूरे समाज को किया गौरवान्वित
रांची: रांची की साक्षी जैन ने फोर्ब्स मैग्ज़ीन की ‘30 अंडर 30 एशिया-2025’ सूची में स्थान पाकर न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनके इस चयन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन समेत रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी हैं।
सम्मेलन के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि, “सोशल मीडिया मार्केटिंग एंड एडवरटाइजिंग” श्रेणी में साक्षी का चयन पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। इस वैश्विक मंच पर उन्होंने न सिर्फ राज्य का, बल्कि पूरे मारवाड़ी समाज का नाम रोशन किया है। इस कैटेगरी में चुने गए 30 युवाओं में केवल दो भारतीय हैं, जिनमें एक साक्षी जैन हैं।"
साक्षी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्हें मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर सहित कई राष्ट्रीय स्तर के सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है।
रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने भी साक्षी को बधाई दी और कहा कि उनका चयन मारवाड़ी समाज की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का प्रतीक है।
साक्षी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि
साक्षी जैन का परिवार रांची के अपर बाजार का निवासी है। उनके पिता पंकज जैन एक व्यवसायी हैं और माता अंचला जैन गृहिणी हैं। उनके दादा सुरेश कुमार जैन सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। साक्षी ने अपनी स्कूली शिक्षा विशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और फिर चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा उत्तीर्ण की।
उनके इस चयन को लेकर पूरे शहर में खुशी की लहर है। साक्षी की यह उपलब्धि निश्चित रूप से झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: