ब्लॉग खोजें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी झारखंड आंदोलनकारी कपूर टुडू को अंतिम विदाई, कहा – “मैंने अपना भाई और झारखंड ने अपना सच्चा सपूत खो दिया”


सरायकेला-खरसावां। 
झारखंड आंदोलन के प्रमुख योद्धा और सामाजिक कार्यकर्ता कपूर कुमार टुडू (कपूर बागी) के निधन पर झारखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगू-चाकुलिया स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने गहरे दुख व्यक्त करते हुए कहा, “कपूर टुडू जी के रूप में मैंने न केवल एक आंदोलनकारी, बल्कि अपना भाई और घनिष्ठ मित्र खो दिया है। उनका जीवन झारखंड अलग राज्य के संघर्ष, सामाजिक सरोकार और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।” उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और अंतिम यात्रा में शामिल होकर टुडू जी को अश्रुपूरित विदाई दी।

सादगी और सेवा भाव की थी मिसाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपूर टुडू जी सादगी, संघर्ष और सेवा की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने झारखंड आंदोलन के हर पड़ाव में सक्रिय भूमिका निभाई और बाद में भी आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत रहे। “उनका जाना सिर्फ हमारे परिवार की नहीं, झारखंड की भी अपूरणीय क्षति है,” उन्होंने कहा।

छोटा परिवार, बड़ा संघर्ष

स्वर्गीय टुडू जी अपने पीछे वृद्ध माता श्रीमती सुखी टुडू, पत्नी श्रीमती सुकुरमनी टुडू, दो पुत्रों और एक पुत्री सहित संपूर्ण परिवार को छोड़ गए हैं। उनके तीनों बच्चे नाबालिग हैं। उनका जीवन संघर्ष, सादगी और सामाजिक समर्पण का प्रतीक रहा।

राज्यभर से विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आंदोलनकारियों ने कपूर टुडू के निधन पर शोक जताया है और उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी झारखंड आंदोलनकारी कपूर टुडू को अंतिम विदाई, कहा – “मैंने अपना भाई और झारखंड ने अपना सच्चा सपूत खो दिया” मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी झारखंड आंदोलनकारी कपूर टुडू को अंतिम विदाई, कहा – “मैंने अपना भाई और झारखंड ने अपना सच्चा सपूत खो दिया” Reviewed by PSA Live News on 7:58:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.