उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की पहल से प्रशासन और जनता के बीच बन रहा सेतु
रांची। रांची के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित जनता दरबार अब आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। आज आयोजित जनता दरबार में जिले भर से भारी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोग पहुंचे, जिनकी शिकायतों को उपायुक्त ने गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये।
सात वर्षों की प्रतीक्षा हुई समाप्त, शिक्षक नरेश रजक का जमीन विवाद सुलझा
नामकुम प्रखंड के रहनेवाले शिक्षक श्री नरेश रजक पिछले सात वर्षों से मात्र 6 डिसिमल जमीन के करेक्शन स्लिप के लिए नामकुम अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। लेकिन निराशा के वर्षों के बाद उन्होंने उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में दस्तक दी और उनकी समस्या का समाधान हो गया। आज दूसरी बार वे जब दरबार में पहुंचे तो शिकायत नहीं, बल्कि समाधान की खुशी और उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते नज़र आए। उन्होंने कहा, "अगर जनता दरबार में न आता, तो शायद यह मामला और सालों तक लटका रहता।"
जनहित में सजग प्रशासन: भूमि विवाद, पेंशन, प्रमाण-पत्र जैसे मामलों में हो रही त्वरित सुनवाई
जनता दरबार में आज पेंशन लंबित मामलों, जाति/आवासीय प्रमाण पत्र की त्रुटियों, स्थानांतरण, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, बिक्री और राजस्व संबंधी अनेक शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने इन शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये। भूमि विवादों की अद्यतन स्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर जांचते हुए उपायुक्त ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अंचल अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिये।
होटल वेस्टेज पर रोक की मांग पर हुई कार्रवाई की पहल
दिनांक 19 मई को झारखंड राज्य सूकर पालक संघ द्वारा होटल वेस्टेज (बचे हुए खाद्य पदार्थ) पर रोक लगाने की मांग की गई थी। आज संघ द्वारा इस संदर्भ में विस्तृत सूची उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिस पर श्री भजन्त्री ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
भूमि पर अवैध कब्जा और बिक्री के मामलों को मिली प्राथमिकता
जनता दरबार में भूमि पर अवैध कब्जा और बिचौलियों द्वारा की जा रही अवैध बिक्री की भी कई शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अंचल अधिकारियों व अनुमण्डल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार बन रहा है विश्वास का मंच
रांची जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर (9430328080) भी जन शिकायतों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने पुनः आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याएं सीधे इस माध्यम से साझा करें ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
श्री मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में जनता दरबार अब सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद संवाद मंच बन गया है, जहां आमजन की आवाज़ को गंभीरता से सुना जा रहा है और समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन की इस पहल से जनता और शासन के बीच भरोसे की खाई पाटी जा रही है — यह लोक प्रशासन का जीवंत उदाहरण है।
रांची जिला प्रशासन द्वारा जारी
(सम्पर्क: अबुआ साथी - 9430328080)

कोई टिप्पणी नहीं: