उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशन में समस्याओं का त्वरित समाधान, आवेदकों ने कहा– “सही मायने में गाँव की सरकार”
राँची : आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राँची जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। अब जिले के सभी अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है।
जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद
जनता दरबार में आम नागरिक अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं, जिनमें आवासीय, जाति, आय एवं स्थानीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, पंजी-2 सुधार, भूमि अभिलेख संबंधी मामले, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा भुगतान, कृषि ऋण माफी, केसीसी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित भुगतान आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा है।
उपायुक्त ने कही बड़ी बात
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा–
“जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। हमारा प्रयास है कि प्रशासन जनता के और करीब आए और हर नागरिक को उसका हक़ समय पर मिले। मैं सभी से अपील करता हूँ कि इस मंच का लाभ उठाएँ।”
विशेष वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किया है कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। कई अंचलों में ऐसे मामलों का तुरंत निपटारा किया गया।
जनता दरबार में निपटे प्रमुख मामले
-
20 वर्षों से लंबित लगान रसीद का समाधान
अंचल अनगड़ा के ग्राम सालहन निवासी एक आवेदक का 20 साल से राजस्व लगान रसीद नहीं कट रहा था। जनता दरबार में मामला उठते ही ऑनलाइन सुधार कर रसीद निर्गत कर दी गई। आवेदक ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पहल प्रशासन को सही मायने में जनता का सहारा बनाती है। -
तत्काल पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र जारी
सोनाहातु प्रखंड की संगीता देवी ने पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। उसी समय प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें सौंपा गया। आवेदिका ने कहा– “यह वास्तव में गाँव की सरकार है, जहाँ समस्या का समाधान तुरंत मिलता है।” -
पंजी-II सुधार की लंबित समस्या का निवारण
अनगड़ा अंचल के कई गाँवों (चीलदाग, महेशपुर, सोसो) के ग्रामीणों के पंजी-II सुधार से जुड़े मामलों का तुरंत समाधान किया गया। लाभुकों ने जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। -
नगड़ी अंचल में दाखिल-खारिज के बाद लंबित लगान रसीद निर्गत
मौजा सपारोम निवासी आवेदक का दाखिल-खारिज के बाद भी रसीद निर्गत नहीं हो रहा था। अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेकर रसीद जारी कर दी। -
गंदूरा मुंडा का मामला
ग्राम सिंगरसाय निवासी गंदूरा मुंडा का वर्षों से रसीद नहीं कट रहा था। जनता दरबार में शिकायत मिलते ही रसीद उपलब्ध करा दी गई। उन्होंने कहा कि “जनता दरबार से सही मायने में जनता का विश्वास जिला प्रशासन में बढ़ा है।” -
तीन वर्षों से लंबित ऑनलाइन सुधार का समाधान
बुढ़मू प्रखंड के ग्राम आरा निवासी बैजनाथ ठाकुर पिछले तीन वर्षों से ऑनलाइन सुधार के लिए परेशान थे। जनता दरबार में उपायुक्त के निर्देश पर उसी समय सुधार कर रसीद निर्गत कर दी गई। लाभुक ने उपायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल प्रशासन को “जन-सरकार” का रूप देती है।
आवेदकों की प्रतिक्रिया
अधिकांश आवेदकों ने माना कि जनता दरबार के कारण न केवल उनकी समस्या का त्वरित समाधान हो रहा है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच की दूरी भी कम हो रही है। लोगों का कहना है कि यह पहल सरकार की सुशासन की प्रतिबद्धता को जमीन पर उतार रही है।
जिला प्रशासन की अपील
राँची जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक मंगलवार को अपने अंचल में आयोजित होने वाले जनता दरबार में शामिल हों और अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुँचाएँ। यह पहल न केवल शिकायतों का समाधान करेगी, बल्कि जनभागीदारी और विश्वास को और मजबूत बनाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: