ब्लॉग खोजें

लोहरदगा में अवैध बालू माफिया का तांडव: कार्रवाई करने पहुंचे सीओ पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी तोड़ी

लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और डंपिंग के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अंचलाधिकारी (सीओ) पंकज कुमार भगत पर बालू माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनकी सरकारी गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया, हालांकि अधिकारी और उनकी टीम बाल-बाल बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सीओ पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास एक अवैध डंपिंग यार्ड से बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के उद्देश्य से सीओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जैसे ही प्रशासनिक टीम वहां पहुंची, वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने पहले विरोध शुरू किया और फिर अचानक हिंसक हो गए। करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने लाठी-डंडों और बेलचा से सीओ और उनकी टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सरकारी वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हमले के दौरान आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि अधिकारी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी। हालात बिगड़ते देख सीओ ने तुरंत सेन्हा थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व स्थानीय सूत्रों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध बालू खनन और इससे जुड़े माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक प्रशासनिक अधिकारियों पर इस तरह के हमले होते रहेंगे और अवैध खनन माफिया कानून को चुनौती देते रहेंगे।

लोहरदगा में अवैध बालू माफिया का तांडव: कार्रवाई करने पहुंचे सीओ पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी तोड़ी लोहरदगा में अवैध बालू माफिया का तांडव: कार्रवाई करने पहुंचे सीओ पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी तोड़ी Reviewed by PSA Live News on 1:29:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.