ब्लॉग खोजें

मनरेगा खत्म करने और ‘वीबीजी ग्रामजी’ योजना के खिलाफ माकपा का राज्यव्यापी अभियान शुरू

घर-घर जाकर जॉब कार्डधारियों से संपर्क करेंगे कार्यकर्ता, 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान


रांची। 
केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसी ऐतिहासिक रोजगार गारंटी योजना को कमजोर करने और उसकी जगह ‘वीबीजी ग्रामजी’ जैसी योजनाएं थोपने के खिलाफ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने झारखंड में राज्यव्यापी जन-अभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान महात्मा गांधी के शहीदी दिवस के अवसर पर शुरू किया गया है।

माकपा की झारखंड राज्य कमिटी के आह्वान पर यह अभियान पूरे राज्य में चलाया जाएगा, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मनरेगा जॉब कार्डधारी ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। वे मनरेगा की उपलब्धियों को बताएंगे और मोदी सरकार द्वारा गरीबों के रोजगार पर किए जा रहे हमलों को उजागर करेंगे।

राज्य कार्यालय रांची में आयोजित बैठक में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और गुमला जिलों से आए जिला सचिवों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इसी प्रकार उत्तरी छोटानागपुर, कोल्हान, पलामू और संताल परगना प्रमंडलों में भी अभियान की तैयारी को लेकर बैठकें की जा रही हैं।

अभियान का लक्ष्य केंद्र सरकार की वीबीजी ग्रामजी योजना को रद्द कर मनरेगा को पूरी ताकत के साथ बहाल कराने के लिए जनमत तैयार करना है। पार्टी नेताओं ने कहा कि मनरेगा सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि गरीबों के सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है।

इस अभियान का उत्कर्ष 12 फरवरी को होगा, जब चार श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच द्वारा आयोजित देशव्यापी हड़ताल के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए झारखंड में भी दो घंटे का ‘रास्ता रोको’ कार्यक्रम किया जाएगा।

अभियान का उद्घाटन करते हुए माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा, “वर्तमान केंद्र सरकार मेहनतकशों के जीवन और जीविका पर संगठित हमला कर रही है। एक ओर कार्पोरेट घरानों को देश की प्राकृतिक संपदा लूटने की खुली छूट दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर मजदूरों-किसानों के अधिकारों को सीमित कर उन्हें गरीबी के दलदल में धकेला जा रहा है। इसका जबरदस्त प्रतिरोध किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल इसी संघर्ष की दिशा में एक मजबूत कदम है।

आज के कार्यक्रम में समीर दास, अमल आज़ाद और रवि सिंह ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रफुल्ल लिंडा ने की।

मनरेगा खत्म करने और ‘वीबीजी ग्रामजी’ योजना के खिलाफ माकपा का राज्यव्यापी अभियान शुरू मनरेगा खत्म करने और ‘वीबीजी ग्रामजी’ योजना के खिलाफ माकपा का राज्यव्यापी अभियान शुरू Reviewed by PSA Live News on 2:28:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.