ब्लॉग खोजें

बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, 25 लाख के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश; फायरिंग में एक घायल

 


बड़कागांव। थाना क्षेत्र के डेली मार्केट के समीप मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने ज्वेलरी दुकानदार प्रभु सोनी की दुकान से करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटे और फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लूट के बाद भागते समय अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए 4 से 5 राउंड फायरिंग की। इसी दौरान सुधीर सोनी नामक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके हाथ में लगी है। घायल को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग काफी देर तक सहमे रहे।

सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश और चिंता दोनों का माहौल है। उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, 25 लाख के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश; फायरिंग में एक घायल बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, 25 लाख के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश; फायरिंग में एक घायल Reviewed by PSA Live News on 5:07:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.