ब्लॉग खोजें

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुँची ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सेवा कार्यों की सराहना

 


रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग, रांची स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम परिसर में स्थापित “सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम” में झारखंड सरकार की माननीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह का आज आगमन हुआ। उनके आगमन पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, साधु-संतों एवं आश्रम परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आश्रम का विस्तृत भ्रमण करते हुए वहां रह रहे निराश्रित, दिव्यांग एवं मंदबुद्धि लोगों से मुलाकात की और उनके जीवन-यापन की व्यवस्थाओं को करीब से देखा। उन्होंने आश्रम की स्वच्छता, आवास व्यवस्था, पौष्टिक भोजन, चिकित्सा सुविधा, वस्त्र वितरण एवं सम्मानजनक जीवन के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की खुले दिल से प्रशंसा की।

मंत्री ने कहा कि—

“सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम द्वारा किया जा रहा कार्य सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है। समाज के उपेक्षित और असहाय वर्गों के लिए इस प्रकार की सेवा अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।”

मंत्री ने आश्रम में निवास कर रहे सभी निराश्रितजनों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को हर संभव सरकारी सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार और मजबूती मिल सके।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि स्वामी सदानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में वर्तमान में आश्रम में कुल 42 निराश्रितजनों को आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवा और सम्मानजनक जीवन की सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह आश्रम पूरी तरह सेवा, करुणा और समर्पण की भावना से संचालित है।

अपने दौरे के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने श्री कृष्ण प्रणामी सदानंद सेवा धाम में संचालित गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और समाज को इससे जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सरकार और समाज दोनों का साझा दायित्व है।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, सुनील पोद्दार, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, दीपेश निराला, विष्णु सोनी, अंजनी अग्रवाल, सुरेश चौधरी, मनीष सोनी, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय साहू, मुकुंद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुँची ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सेवा कार्यों की सराहना सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुँची ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सेवा कार्यों की सराहना Reviewed by PSA Live News on 1:11:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.