हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा): समाज सेवा और मानवता की भावना को सशक्त करते हुए रोटरी क्लब शाखा बरवाला द्वारा दुर्गा मंदिर, बरवाला में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल लगभग 90 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का संदेश दिया। यह शिविर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस हिसार के सहयोग से किया गया, जिसमें सिविल अस्पताल हिसार की चिकित्सकीय टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम में टेक्नीशियन मुकेश और हरीश तथा काउंसलर राजबाला शामिल रहे, जिन्होंने रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी। वहीं सिविल अस्पताल बरवाला से सचिन और मनीष ने भी शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बरवाला के पूर्व विधायक वेद नारंग उपस्थित हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों से जुड़ें ताकि जरूरत के समय किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष भाजपा मुनीष, भाजपा मंडल अध्यक्ष बरवाला मोनू संदूजा, पार्षद राजा मेहता, शिवा प्रॉपर्टीज सलाहकार के निदेशक रामनिवास खोवाल तथा वरिष्ठ समाजसेवी रवि सरदाना सहित कई गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की और रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की। इस दौरान क्षेत्र के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस सामाजिक सेवा के कार्य में अखिल भारतीय सेवा संघ शाखा बरवाला, रोटरेक्ट क्लब शाखा बरवाला, इनर व्हील क्लब शाखा बरवाला तथा हनुमान मंदिर बरवाला के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। सभी संगठनों के संयुक्त प्रयास से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रोटरी क्लब शाखा बरवाला के अध्यक्ष रोटेरियन ओम प्रकाश वधवा ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान को ‘महादान’ कहा जाता है क्योंकि यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा कार्य है जो जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को जोड़ता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं।
शिविर की एक विशेष बात यह रही कि महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि महिलाएं भी समाज सेवा के हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से आगे आ रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय सेवा संघ के अध्यक्ष विक्की रहेजा ने किया। उन्होंने मंच के माध्यम से सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सभी के सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब शाखा बरवाला के संस्थापक रोटेरियन डॉ. सुरेंद्र कक्कड़, रोटेरियन सुरेश जावा, रोटेरियन मनोहर जावा, रोटेरियन पवन ढिंगड़ा, रोटेरियन सोमू रहेजा, रोटेरियन मनोज कथुरिया, रोटेरियन राजेश मनूजा, रोटेरियन राजकुमार बजाज, सरदार बेअंत सिंह, रोटेरियन डॉ. अभिषेक सरदाना, रोटेरियन अमन महता, सरदार पिंदर तूर, महेंद्र सेतिया, मा. केवल कृष्ण आर्य, पवन मलिक, रोटेरियन चिराग वधवा, सोनू चौपड़ा, साहिल कथूरिया, तुषार वधवा, रोहित वधवा, नीशू वधवा (नरेश वधवा), कपिल महता, भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी राजेश सलूजा, जिला आईटी सह प्रमुख भाजपा कमल हंदूजा, सरला कामरा, आशा रहेजा, अनीता भाटिया, प्राची जावा, मनीषा महता, वीना चुग, पूनम, सिमरन, कविता गाबा, सुषमा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
7:39:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: