रांची। झारखंड में औद्योगिक विकास और बड़े निवेश को गति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के बीच राज्य में संभावित निवेश को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन, कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदरा रामम तथा रांची के चीफ रेजिडेंट एक्जीक्यूटिव संजय मोहन श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान झारखंड में स्टील, खनन, ऑटोमोबाइल, हरित ऊर्जा, आईटी एवं बुनियादी ढांचा विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां और त्वरित स्वीकृति की सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के साथ-साथ कुशल मानव संसाधन और औद्योगिक परंपरा वाला राज्य है, जो निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है।
चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने राज्य सरकार द्वारा उद्योगों के लिए बनाए जा रहे सकारात्मक माहौल की सराहना की और कहा कि टाटा समूह झारखंड के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में आधुनिक तकनीक आधारित परियोजनाओं, ग्रीन स्टील उत्पादन तथा सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रमों के विस्तार पर भी समूह गंभीरता से विचार कर रहा है।
बैठक में राज्य में रोजगार सृजन, स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और औद्योगिक क्लस्टर के विस्तार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सशक्त बनाने पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि झारखंड लंबे समय से टाटा समूह की औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। इस बैठक को राज्य में औद्योगिक निवेश के नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। यदि प्रस्तावित निवेश योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
राज्य सरकार और टाटा समूह के बीच हुई यह बैठक झारखंड के औद्योगिक भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है, जो आने वाले समय में बड़े विकासात्मक परिवर्तनों का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
Reviewed by PSA Live News
on
5:38:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: