भारी बुकिंग से इंडेन का सर्वर अपग्रेडेशन जारी, रोजाना 14 हजार से अधिक सिलेंडर की हो रही डिलीवरी; कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त नजर
रांची। रांची जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर गुरुवार देर शाम उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एलपीजी की आपूर्ति श्रृंखला, संभावित कमी की स्थिति, बढ़ती बुकिंग और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम दिनों की तरह नियमित रूप से सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है। हालांकि हाल के दिनों में अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग होने के कारण तकनीकी स्तर पर कुछ समस्याएं सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
घबराकर बुकिंग नहीं करने की अपील
बैठक के दौरान गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराहट में बार-बार गैस बुकिंग न करें। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक संख्या में बुकिंग होने के कारण इंडेन गैस के सर्वर पर दबाव बढ़ गया है, जिसके चलते सर्वर अपग्रेडेशन का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि सर्वर अपग्रेडेशन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और इसके पूरा होते ही बुकिंग प्रणाली सामान्य रूप से काम करने लगेगी।
रोजाना हजारों सिलेंडर की डिलीवरी
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार रांची जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
IOCL (इंडेन गैस) द्वारा प्रतिदिन करीब 10,500 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है।
कंपनी के रांची जिले में लगभग डेढ़ लाख उपभोक्ता हैं।
HPCL और BPCL के करीब 25-25 हजार उपभोक्ताओं के बीच प्रतिदिन 2000 से अधिक सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
कंपनियों के अनुसार जिले में गैस की कमी नहीं है, बल्कि अचानक अधिक बुकिंग होने से वितरण प्रक्रिया पर दबाव पड़ा है, जिसे जल्द सामान्य कर लिया जाएगा।
आपात स्थिति में 5 लीटर के सिलेंडर उपलब्ध
बैठक में यह भी बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में उपभोक्ताओं को छोटी क्षमता वाले 5 लीटर के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
HPCL और BPCL के ये छोटे सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। आवश्यकता होने पर उपभोक्ता अपना आधार कार्ड दिखाकर इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
पीएनजी पाइपलाइन का विकल्प भी उपलब्ध
बैठक में गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) के प्रतिनिधियों ने बताया कि रांची शहर में अब तक 24 हजार से अधिक घरों में पीएनजी (PNG) पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।
जिन अपार्टमेंट या आवासीय परिसरों में पीएनजी पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले लोग कंपनी के टोल-फ्री नंबर 18001231211 पर संपर्क कर अपने फ्लैट में कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। इससे घरेलू गैस की नियमित और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित होती है।
कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले में पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना “अबुआ साथी” हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर दी जा सकती है।
वितरण प्रणाली मजबूत करने का निर्देश
उपायुक्त ने बैठक में मौजूद अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने पाए और उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संभावित मांग को देखते हुए बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित तेल कंपनियों IOCL और GAIL के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
Reviewed by PSA Live News
on
10:44:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: