ब्लॉग खोजें

रांची में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति, घबराने की जरूरत नहीं : उपायुक्त

सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के कारण बुकिंग में हो रही देरी, 25 दिन बाद ही दूसरी बुकिंग; कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई


रांची: 
रांची जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की घबराहट या पैनिक में आकर बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। यह जानकारी रांची के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने दी। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के प्रतिनिधियों के साथ जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान गैस कंपनियों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। हाल के दिनों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग किए जाने के कारण कंपनियों के सॉफ्टवेयर सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है, जिसके चलते बुकिंग में कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है और अगले कुछ दिनों में बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

25 दिनों बाद ही होगी दूसरी बुकिंग

बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अब एक गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरी बुकिंग 25 दिनों के अंतराल के बाद ही संभव होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को संतुलित रखना और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

आपातकालीन स्थिति में छोटे सिलेंडर उपलब्ध

गैस कंपनियों ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में उपभोक्ता 2 लीटर और 5 लीटर क्षमता वाले छोटे सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से BPCL और HPCL के 5 लीटर के सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जरूरतमंद उपभोक्ता आधार कार्ड के साथ संबंधित एजेंसी से यह सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

IVR, ऐप और वेब के माध्यम से करें बुकिंग

बैठक में यह भी बताया गया कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। वे IVR (इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस), मिस्ड कॉल सुविधा, मोबाइल ऐप और वेब आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसानी से बुकिंग कर सकते हैं। इससे एजेंसियों पर भी भीड़ कम होगी और उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी।

कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गैस की बढ़ती मांग के बीच सभी कंपनियां और एजेंसियां समुचित योजना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू है और किसी भी स्थिति में कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा गैस की कालाबाजारी या अवैध बिक्री की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमिटी बनाने का निर्देश

उपायुक्त ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर एक मॉनिटरिंग कमिटी गठित करने के निर्देश भी दिए। इस कमिटी में सदर और बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी, मार्केटिंग ऑफिसर, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस एजेंसियों के नोडल अधिकारी, अस्पतालों के नोडल अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा उन्होंने अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रम, अनाथालय, कल्याण विभाग के छात्रावास, मध्याह्न भोजन योजना, संप्रेषण गृह, जेल और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) जैसे संस्थानों में गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था

गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त ने "अबुआ साथी" हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर आने वाली शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश भी दिए हैं।

“टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची बनकर करें काम

बैठक के अंत में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों, कंपनियों और एजेंसियों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी को “टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची” की भावना के साथ कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने रांचीवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि लंबे समय तक रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता बनी रहे।

रांची में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति, घबराने की जरूरत नहीं : उपायुक्त रांची में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति, घबराने की जरूरत नहीं : उपायुक्त Reviewed by PSA Live News on 7:52:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.