नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की शिष्टाचार मुलाकात, राज्य के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
रांची। झारखंड मंत्रालय में गुरुवार को नव प्रोन्नत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों ने मुख्यमंत्री Hemant Soren से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड प्रशासनिक सेवा से आईएएस में पदोन्नत हुए सभी अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल पद या अधिकार का नहीं, बल्कि जनसेवा और जिम्मेदारी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आप सभी अधिकारियों ने अब तक अपने सेवा काल में जिस ईमानदारी, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य किया है, वही भाव आगे भी बनाए रखें। राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासनिक तंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक संभावनाओं से भरा हुआ राज्य है और इसके विकास में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करेंगे तथा राज्य के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा, ताकि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों का कर्तव्य है कि वे सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करें तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों में दिलेश्वर महतो, इश्तियाक अहमद, विद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, अनिलसन लकड़ा, अरुण कुमार सिंह, नागेंद्र पासवान, आसिफ इकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली, अर्चना मेहता तथा आलोक शिकारी कच्छप शामिल थे।
मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे राज्य के विकास और आम जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने भी सभी अधिकारियों को भविष्य की नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनसे झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
Reviewed by PSA Live News
on
7:42:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: