अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव को सम्मान दिलाने की मांग तेज, राज्यपाल से मिला स्मृति मंच का प्रतिनिधिमंडल
रांची: अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव को समुचित सम्मान दिलाने की मांग को लेकर ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्मृति मंच का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राजभवन पहुंचा और महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव कर रहे थे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि झारखंड के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की जयंती एवं शहादत दिवस को राज्य स्तर पर सम्मानपूर्वक मनाया जाए तथा उनकी जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही उनकी जीवनी को राज्य के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की भी मांग की गई, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि धुर्वा स्थित शहीद मैदान से नयासराय रिंग रोड तक की सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया जाए। इसके अलावा झारखंड क्रिकेट स्टेडियम और धुर्वा स्थित जे.एन. कॉलेज का नामकरण भी अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नाम पर करने की मांग उठाई गई।
स्मृति मंच ने एचईसी सेक्टर-3 स्थित उनकी प्रतिमा एवं चौक के समुचित रख-रखाव की जिम्मेदारी सरकार द्वारा लेने तथा एचईसी क्षेत्र में खाली पड़ी भूमि में से तीन एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। इस जमीन पर अतिथिशाला, छात्रावास (बालक एवं कन्या) और वृद्धाश्रम जैसे जनकल्याणकारी संस्थानों के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे छोटानागपुर क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके।
इस अवसर पर लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव ने कहा कि देश की आजादी में झारखंड के वीर सपूतों का योगदान अतुलनीय रहा है। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए छोटानागपुर क्षेत्र को लगभग छह महीने तक अंग्रेजी शासन से मुक्त रखा था। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक उन्हें वह सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शहीदों का सम्मान जाति, धर्म या वोट बैंक के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी देशभक्ति और बलिदान के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने राज्य की विभिन्न सरकारों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ऐतिहासिक न्याय किया जाए।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर राज्य सरकार से बातचीत कर उचित कार्रवाई का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से ठाकुर युगल किशोर नाथ शाहदेव, लाल सूरज नाथ शाहदेव, लाल आशीष नाथ शाहदेव, लाल सुबोध नाथ शाहदेव और सुनील सिंह हेसल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
Reviewed by PSA Live News
on
7:06:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: