ब्लॉग खोजें

पॉलीथिन मुक्त शहर की ओर पहल तेज, मधुबनी में स्वच्छता साथियों का व्यापक जागरूकता अभियान


मधुबनी: 
शहर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वच्छता साथियों ने मंगलवार को शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों एवं आमजनों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।

यह अभियान थाना मोड़, शंकर चौक, गिलेशन बाजार, बाटा चौक समेत कई व्यस्त बाजार क्षेत्रों में संचालित किया गया। स्वच्छता साथियों ने दुकानदारों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उन्हें कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने समझाया कि साफ-सफाई न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि इससे ग्राहकों के बीच सकारात्मक छवि भी बनती है, जिससे व्यापार में भी वृद्धि होती है।

अभियान के दौरान विशेष रूप से एकल उपयोग वाले पॉलीथिन के बहिष्कार पर जोर दिया गया। स्वच्छता साथियों ने दुकानदारों को पॉलीथिन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन नष्ट नहीं होता, जिससे भूमि और जल प्रदूषण बढ़ता है। इसके अलावा, यह पशुओं के लिए भी घातक साबित होता है, क्योंकि अक्सर वे इसे भोजन समझकर निगल लेते हैं।

नगर निगम, मधुबनी के स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने दुकानदारों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे पॉलीथिन का प्रयोग बंद कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

वहीं, नमामि गंगे परियोजना के डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से लोगों में सकारात्मक बदलाव आएगा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता में वृद्धि होगी।

इस अभियान को सफल बनाने में अविनाश चौधरी, मीनातुल्ला, कल्याणी, अशोक राम, प्रकाश राम, साजन, दीपक कुमार, इंद्रदेव यादव, नीतू कुमारी सहित अन्य स्वच्छता साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे मधुबनी को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथिन मुक्त शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

पॉलीथिन मुक्त शहर की ओर पहल तेज, मधुबनी में स्वच्छता साथियों का व्यापक जागरूकता अभियान  पॉलीथिन मुक्त शहर की ओर पहल तेज, मधुबनी में स्वच्छता साथियों का व्यापक जागरूकता अभियान Reviewed by PSA Live News on 8:44:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.