ब्लॉग खोजें

मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026: इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का कल अंतिम मौका, नहीं जमा किया तो 5 अगस्त के ड्राफ्ट में नहीं जुड़ पाएगा नाम

2.64 करोड़ से अधिक मतदाताओं की सूची तैयार, 99.67% इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा; 31 विधानसभा क्षेत्रों में काम शत-प्रतिशत संपन्न

रांची । विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) 2026 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 है। जिन मतदाताओं द्वारा निर्धारित समय तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म वापस जमा नहीं किया जाएगा, उनका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार वर्ष 2026 की मतदाता सूची में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से लगभग सभी मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और फॉर्मों के डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

99.99% मतदाताओं तक पहुंचा इन्यूमरेशन फॉर्म

मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत कुल 2,64,61,801 मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया गया, जो कुल मतदाताओं का 99.99 प्रतिशत है।

अब तक प्राप्त और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म में से 2,20,20,994 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

2.63 करोड़ से अधिक फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 2,63,76,457 इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है, जो कुल का 99.67 प्रतिशत है।

राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में भी डिजिटाइजेशन की प्रगति 97 प्रतिशत से 99 प्रतिशत के बीच पहुंच चुकी है।

43.55 लाख फॉर्म नहीं हुए वापस, सामने आई ये वजहें

कुल उपलब्ध कराए गए फॉर्म में से 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। निर्वाचन विभाग ने इन मामलों का वर्गीकरण भी किया है—

  • मृत मतदाता: 7,61,755 (2.88 प्रतिशत)
  • पता नहीं चलने वाले/अनुपस्थित मतदाता: 14,59,029 (5.51 प्रतिशत)
  • स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता: 15,87,496 (6 प्रतिशत)
  • अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत मतदाता: 4,34,541 (1.64 प्रतिशत)
  • इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाता: 1,12,642 (0.43 प्रतिशत)

निर्वाचन विभाग की अपील: समय पर जमा करें फॉर्म

निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 29 जुलाई तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें, ताकि उनका नाम आगामी ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

विभाग ने कहा है कि मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण अभियान पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के लिए अंतिम चरण में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

(PSA Live News ब्यूरो)

मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026: इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का कल अंतिम मौका, नहीं जमा किया तो 5 अगस्त के ड्राफ्ट में नहीं जुड़ पाएगा नाम मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026: इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का कल अंतिम मौका, नहीं जमा किया तो 5 अगस्त के ड्राफ्ट में नहीं जुड़ पाएगा नाम Reviewed by PSA Live News on 9:57:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.