श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित आयोजन सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
रांची। आगामी ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को धुर्वा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर का दौरा कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों, मंदिर ट्रस्ट एवं मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो, श्री जगन्नाथपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री एन. एन. पांडेय सहित मंदिर ट्रस्ट एवं मेला समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, आपदा प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि रथ मेला में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रत्येक व्यवस्था को पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ अंतिम रूप दिया जाए।
श्री संजय सेठ ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक विरासत का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक मेले में राज्य के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेला परिसर में स्वच्छता, पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सुचारु यातायात संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों से भी सतर्कता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान मंदिर ट्रस्ट एवं मेला समिति के सदस्यों ने भी मेले के सफल आयोजन से जुड़े विभिन्न सुझाव रक्षा राज्य मंत्री के समक्ष रखे। श्री सेठ ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सभी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा तथा आयोजन को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान श्री कमल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष श्री उमेश यादव, श्री उमेश तिवारी, पार्षद श्रीमती सुचिता रानी, श्री अवधेश ठाकुर, श्रीमती नीलम चौधरी, श्री रामजी प्रसाद, श्री कामेश्वर सिंह, श्री दीपक लोहार, श्री सुबोध सिंह, श्री मेघा उरांव, श्री राजेश पोषण, श्री श्याम सिंह, श्री कन्हैया सिंह, श्री चंदन पटेल, श्री रविंद्र कुमार सहित मंदिर ट्रस्ट, मेला समिति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आगामी रथ मेला को लेकर प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से इस बार भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
8:56:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: