किसानों के हित में सख्त कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर दो उर्वरक प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज
मधुबनी: किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमित वितरण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन छापेमारी अभियान के तहत दो उर्वरक प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है।
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर के नेतृत्व में 28 जुलाई 2026 को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, फुलपरास कृष्णानंद कुमार के साथ लौकही प्रखंड स्थित उर्वरक दुकानों की औचक जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मेसर्स प्रणव ट्रेडर्स, पिपराही (प्रो. विनीत कुमार नाहर) तथा मेसर्स जगदंबा एजेंसी, लौकही (प्रो. हेमंत कुमार गुप्ता) के प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दोनों दुकानों की उर्वरक अनुज्ञप्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिले में लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य पर बिक्री या अन्य किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर गठित उर्वरक छापेमारी दल अब तक जिले के 347 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच कर चुके हैं। जांच के दौरान 18 प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिन पर विभिन्न प्रकार की कार्रवाई की गई है।
अब तक की कार्रवाई एक नजर में
- 347 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच।
- 18 प्रतिष्ठानों में अनियमितता पाई गई।
- 02 प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज।
- 04 प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) रद्द।
- 08 प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति निलंबित।
- 04 प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या उर्वरकों की कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमित वितरण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Reviewed by PSA Live News
on
10:08:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: