रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने रामगढ़ निवासी मारवाड़ी समाज के सदस्य सुमित अग्रवाल की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश एवं चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र प्रेषित कर हत्याकांड में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।पत्र में उन्होंने कहा कि सुमित अग्रवाल की हाल में निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे मारवाड़ी समाज में काफी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। विशेष रूप से रामगढ़ का मारवाड़ी समाज इस घटना से अत्यंत विचलित और मर्माहत है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की इस प्रकार निर्मम हत्या न केवल उसके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाती है,बल्कि समाज में भी असुरक्षा एवं भय का वातावरण उत्पन्न करती है। सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि स्व. सुमित अग्रवाल अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके असमय निधन से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। उनकी हत्या के बाद उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी और दूधमुंहा बच्चा असहाय स्थिति में रह गए हैं। परिवार ने अपने सबसे महत्वपूर्ण सहारे को खो दिया है, ऐसे में उनके भविष्य और भरण-पोषण को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।उन्होंने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से आग्रह किया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर हत्याकांड की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए तथा सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पत्र में प्रशासन से यह भी आग्रह किया गया है कि स्व. सुमित अग्रवाल के परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनकी पत्नी की योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिल सके और मासूम बच्चे का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय और उचित सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचायक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा दोषियों के विरुद्ध कड़े कदम उठाए जाने से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिलेगा, बल्कि आम लोगों एवं समाज का पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा। उक्त पत्र की प्रति रामगढ़ की विधायक ममता देवी को भी प्रेषित की गई है, ताकि मामले में जनप्रतिनिधि स्तर से भी आवश्यक पहल करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित सहायता दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।
उक्त जानकारी देते हुए मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से पीड़ित परिवार को 11 हजार रुपया की राशि सहायता के रूप में दी गई।
सुमित अग्रवाल हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई की मांग, डीजीपी एवं विधायक को भेजा पत्र
Reviewed by PSA Live News
on
7:56:00 pm
Rating:
Reviewed by PSA Live News
on
7:56:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: