रांची में देर रात असामाजिक तत्वों का तांडव, आधा दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़; हिंदपीढ़ी के निजाम नगर में दहशत
मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर खड़ी कारों के शीशे तोड़े, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी
रांची। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वाहन मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना निजाम नगर के मोती मस्जिद रोड एवं मक्का मस्जिद रोड की है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने वहां खड़ी कई गाड़ियों पर हमला कर उनके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। जिन वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया, उनमें हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य निजी वाहन शामिल हैं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह जब वाहन मालिक अपने वाहनों के पास पहुंचे तो टूटे हुए शीशे और बिखरे कांच देखकर स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घटना को लेकर नाराजगी व्यक्त की। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उनका आरोप है कि यदि रात्रि गश्ती और निगरानी प्रभावी होती, तो इस प्रकार की वारदात को रोका जा सकता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे शरारती तत्वों की करतूत है या किसी अन्य कारण से वाहनों को निशाना बनाया गया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
4:13:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: