संदीप यूनिवर्सिटी के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, नवाचार एवं नैतिक मूल्यों का दिया गया संदेश
संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र।
मधुबनी । सोमवार को संदीप यूनिवर्सिटी, सिजौल, मधुबनी के स्कूल ऑफ़ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकित नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागतार्थ सोमवार को एक भव्य एवं प्रेरणादायी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान संस्कृति, नवाचार आधारित शिक्षण, डिजिटल संसाधनों, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की संभावनाओं तथा अनुशासित एवं मूल्यपरक शिक्षा प्रणाली से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का आत्मीय शब्दों के साथ विश्वविद्यालय परिवार में स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार द्विवेदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय ज्ञान और तकनीक का युग है, जहाँ सफलता केवल डिग्री से नहीं बल्कि कौशल, नवाचार, शोध, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों से निर्धारित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय में उपलब्ध प्रत्येक शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए स्वयं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करें। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक उत्तरदायित्व ही एक सफल पेशेवर की वास्तविक पहचान है।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ० शैलेंद्र झा ने परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक नियमावली एवं सतत मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन एवं अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर श्री सूरज झा ने विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं, कौशल विकास, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट गतिविधियों एवं रोजगार के उभरते अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संदीप यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि सफल करियर निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। डीन, स्कूल ऑफ़ लॉ के डॉ. अनीशा ने विद्यार्थियों को नैतिकता, संवैधानिक मूल्यों एवं उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा दी, जबकि डीन, स्कूल ऑफ़ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डॉ. दिवाकर चौधरी ने विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुसंधान गतिविधियों, नवाचार एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. सोनल कुमार ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की पाठ्यक्रम संरचना, प्रायोगिक शिक्षण, परियोजना कार्य, तकनीकी प्रतियोगिताओं तथा शोध आधारित अधिगम की विशेषताओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। वहीं कंप्यूटर एप्लीकेशन विभागाध्यक्ष प्रो. मंडन मिश्रा एवं MOOC समन्वयक डॉ. सैयद अनस ने डिजिटल शिक्षा, ऑनलाइन प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों एवं वैश्विक शिक्षण मंचों का अधिकतम उपयोग करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों के डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों के प्रति उत्साह व्यक्त किया कार्यक्रम के अंत में स्कूल ऑफ़ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की ओर से सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि वे अपने ज्ञान, परिश्रम, अनुशासन और नवाचार की भावना से न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएँगे, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं आत्मविश्वास का सशक्त मंच सिद्ध हुआ तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल शैक्षणिक भविष्य की सकारात्मक शुरुआत का साक्षी बना।
संदीप यूनिवर्सिटी के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, नवाचार एवं नैतिक मूल्यों का दिया गया संदेश
Reviewed by PSA Live News
on
12:48:00 pm
Rating:
Reviewed by PSA Live News
on
12:48:00 pm
Rating:





कोई टिप्पणी नहीं: