ब्लॉग खोजें

रक्षाबंधन पर मंत्रियों को बांधा रक्षा सूत्र, पवित्रता और आध्यात्मिक मूल्यों का दिया संदेश



रांची, 13 अगस्त 2026। 
रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के चौधरी बगान, हरमू रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवाकेंद्र की केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राखी केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म की पवित्रता तथा इंद्रियों पर विजय प्राप्त करने के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के पवित्र संबंध में निहित शुद्ध स्नेह और सद्भावना ही रक्षाबंधन पर्व का वास्तविक संदेश है।

उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक दृष्टि से रक्षाबंधन उस समय की स्मृति भी कराता है, जब परमपिता परमात्मा ने प्रजापिता ब्रह्मा के माध्यम से कन्याओं एवं माताओं को ब्राह्मण जीवन का आधार दिया, उन्हें ज्ञान का कलश प्रदान किया तथा भाई-बहन के पवित्र संबंध की स्थापना का संदेश दिया। इसी पवित्र भावना के माध्यम से सतयुगी पवित्र सृष्टि की स्थापना का संकल्प जुड़ा हुआ है।

ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि वर्तमान समय में भी इसी पुनीत कार्य की पुनरावृत्ति हो रही है। ब्रह्माकुमारी बहनें ईश्वरीय ज्ञान और योग के माध्यम से भाई-बहन के शुद्ध स्नेह, पवित्रता और श्रेष्ठ संकल्प का रक्षा सूत्र बांधती हैं।

कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने रक्षा सूत्र बंधवाया और ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन का आभार व्यक्त किया। दोनों मंत्रियों ने रक्षाबंधन पर्व के आध्यात्मिक संदेश को समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला बताया।

रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने पर्व के पारंपरिक स्वरूप के साथ-साथ उसके आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेश को भी रेखांकित किया।

रक्षाबंधन पर मंत्रियों को बांधा रक्षा सूत्र, पवित्रता और आध्यात्मिक मूल्यों का दिया संदेश रक्षाबंधन पर मंत्रियों को बांधा रक्षा सूत्र, पवित्रता और आध्यात्मिक मूल्यों का दिया संदेश Reviewed by PSA Live News on 7:51:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.