सरैया में 'मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी' के 'हमारी आवाज' कार्यक्रम में सर्वसम्मति से पारित हुआ 6-सूत्रीय मांग-पत्र।
सरैया (मुजफ्फरपुर): सरैया स्थित आमंत्रण रिसॉर्ट में 'मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी, भारत-नेपाल' के सौजन्य से आयोजित ‘हमारी आवाज’ सम्मेलन में मुजफ्फरपुर, वैशाली, चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर सहित विभिन्न जिलों के सैकड़ों पत्रकारों का महाजुटान हुआ। कार्यक्रम में सर्वसम्मति से ग्रामीण एवं प्रखंड स्तरीय पत्रकारों की सुरक्षा, पेंशन और मान्यता से जुड़ा 6-सूत्रीय मांग-पत्र पारित किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पारू विधायक शंकर राय और लालगंज विधायक संजय सिंह ने पत्रकारों की मांगों को पूरी तरह वाजिब ठहराते हुए इन्हें आगामी बिहार विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाने का ऐतिहासिक भरोसा दिलाया। पारू विधायक शंकर राय ने कहा कि प्रखंड स्तर पर कार्यरत पत्रकार लोकतांत्रिक सूचना तंत्र की वास्तविक रीढ़ हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं। वहीं, लालगंज विधायक संजय सिंह ने कहा कि पत्रकारों को कानूनी सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक संबल दिए बिना निष्पक्ष पत्रकारिता संभव नहीं है।
पत्रकारों की 6 प्रमुख मांगें:
- बिहार पत्रकार संरक्षण आयोग: पत्रकारों को फर्जी मुकदमों व प्रताड़ना से बचाने के लिए आयोग का गठन हो।
- प्रखंड स्तरीय मान्यता: IPRD द्वारा मान्यता फॉर्म में प्रखंड का कॉलम जोड़ा जाए और कोटा प्रणाली समाप्त की जाए।
- वरिष्ठ पत्रकार पेंशन: 58 वर्ष से अधिक आयु के अनुभवी पत्रकारों को बिना जटिल शर्तों के मासिक पेंशन मिले।
- पत्रकार आकस्मिक सहायता कोष: दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में तत्काल आर्थिक मदद के लिए राज्य व जिला स्तर पर फंड बने।
- प्रेस क्लब संचालन: जिला व अनुमंडल स्तर पर केवल सक्रिय पत्रकारों की भागीदारी से प्रेस क्लब का नियमित संचालन हो।
- मासिक प्रशासनिक गोष्ठी: जिले में DM एवं SP की अध्यक्षता में हर माह पत्रकारों के साथ नियमित संवाद गोष्ठी आयोजित की जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 'मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी' के मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष रंजन कुमार ने की, संचालन वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र तिवारी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कृत्यानंद सिंह द्वारा किया गया।
मौके पर जिला पार्षद विपिन शाही, मुखिया प्रतिनिधि चिदानंद द्विवेदी, जिला पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना राइन, सुमित कुमार, वैशाली जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार और मोतिहारी जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
11:13:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: