"कागज, रंग और कल्पनाओं से सजीं आकर्षक कलाकृतियां; 26 जनवरी को घोषित होगा प्रतियोगिता का परिणाम"
मधुबनी । संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल के श्री नित्यानंद झा स्कूल ऑफ एजुकेशन में बुधवार को पेपर क्राफ्ट, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के द्वितीय तल स्थित आर्ट एंड क्राफ्ट स्टूडियो में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मक सोच और कल्पनाशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे कागजों से आकर्षक कलाकृतियों एवं सजावटी वस्तुओं का निर्माण किया। वहीं, चित्रांकन एवं चित्रकला के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को रंगों और रेखाओं में अभिव्यक्त किया। प्रतिभागियों की रचनाओं में उनकी मेहनत, कलात्मक कौशल और कला के प्रति गहरी रुचि स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
प्रतियोगिता में सदफ नाज़, फरीजा परवीन, मोनिका कुमारी, मानू कुमारी, ज्योति कुमारी, सुशांत कुमार, अभिमन्यु कुमार चौधरी एवं शुभकला कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. अलीशा सिंह, प्रो. विवेक कुमार एवं प्रो. सुजीत कुमार मिश्र शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए उनकी मौलिकता, कलात्मक कौशल, रचनात्मकता एवं प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता का परिणाम 26 जनवरी को घोषित किया जाएगा। इसी दिन विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का आयोजन निदेशक, छात्र कल्याण विभाग डॉ. अभिषेक ठाकुर के संयोजन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक सुयश प्रत्युष एवं श्रद्धा मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्र समन्वयक के रूप में आशुतोष मयंक, प्रित्या प्रसिद, कृति कुमारी एवं भूपेंद्र मिश्रा ने सक्रिय सहयोग दिया।
इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, नवाचार एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कला के प्रति रुचि और कौशल को और अधिक निखारने का अवसर प्रदान किया।
Reviewed by PSA Live News
on
2:00:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: