पलामू । झारखंड के पलामू में आदिवासी समाज और मसीही समुदाय में झड़प हो गई है। सोमवार को नीलांबर पितांबरपुर थाना क्षेत्र के दरुआ गांव में बाहर से क्रिसमस गैदरिंग मनाने पहुंचे मसीही समुदाय के कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों ने हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गैदरिंग कर रहे लोगों को खदेड़कर गांव से भगा दिया। इसमें 30 से ज्यादा लोग जख्मी हैं। मारपीट और हुड़दंग के दौरान अतिथियों के लिए बना भोजन भी नष्ट हो गया। गैदरिंग स्थल पर टेंट, कुर्सी और टेबल तोड़ डाले। एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी गौतम कुमार राय ने बताया, 'इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 25 से अधिक लोगों पर नामजद FIR दर्ज की गई है। कुछ अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
मारपीट में घायल हुए अधिकतर लोग मसीही धर्म मानने वाले हैं। वहीं, आदिवासी समाज के उरांव समुदाय के कुछ लोगों को भी चोटें आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस की 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद देर रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे। आदिवासी समुदाय के लोगों की संख्या 100 थी। समाज का आरोप है कि जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसे और अधिक बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम रखा गया था।
कोई टिप्पणी नहीं: