मेयर ने नगर निगम कार्यालय के विभिन्न विभागों में अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति का औचक निरीक्षण किया, सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष से थे गायब
रांची । जब अधिकारी ही कार्यालय अवधि में गायब रहेंगे तो कर्मचारी क्या काम करेंगे। शहर की आम जनता अपनी फरियाद व समस्याओं के समाधान को लेकर सुबह 10 बजे से अधिकारियों का इंतजार करते रहते हैं। अधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में कब आएंगे, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं दी जाती है। ये बातें मंगलवार को मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने कही। मंगलवार की सुबह 11:30 से 12:00 बजे के बीच उन्होंने रांची नगर निगम कार्यालय के विभिन्न विभागों में अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लगभग सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष से गायब थे। अधिकारियों के संबंधित विभाग के कर्मचारी भी कार्यालय से संबंधित कार्यों को छोड़कर मोबाइल पर व्यस्त नजर आए। जबकि रांची शहर के विभिन्न हिस्सों से आए लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के कार्यालय कक्ष के बाहर इंतजार करते नजर आए। मेयर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अभियंत्रण शाखा में सिर्फ अधीक्षण अभियंता रमा शंकर राम उपस्थित थे। सभी अभियंता इस दौरान गायब थे। लेख शाखा व टाउन प्लानिंग के अधिकारी भी गायब मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मोनोपोली के कारण ही आज रांची नगर निगम गर्त में जा रहा है। कहा, पिछले कई दिनों से अधिकारियों व कर्मियों की कार्यशैली की मॉनिटरिंग करने के बाद उन्हें औचक निरीक्षण करना पड़ा। मेयर ने कहा कि सरकारी कार्यालय की कार्यावधि 10:30 बजे से शुरू हो जाती है, लेकिन रांची नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी 12 बजे तक अपने कार्यालय कक्ष में नजर नहीं आते हैं। लेह-लद्दाख में भी ऑफिसियल टाइम सुबह 10:30 से ही शुरू होती है। अधिकारियों व कर्मियों के मनमाने रवैये को देख मेयर ने कही जब अधिकारी ही निर्धारित समय पर अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित नहीं रहेंगे तो संबंधित शाखा के कर्मचारी काम क्या करेंगे। रांची नगर निगम के 36 शाखाओं में 100 से अधिक कर्मी कार्यरत हैं, जबकि निरीक्षण के दौरान 80 प्रतिशत कर्मी गायब मिले। शाम 5 बजे मेयर ने नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त श्री रजनीश कुमार के साथ बैठक कर कार्यालय समयावधि में अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य करने और गायब रहने वाले अधिकारियों व कर्मियों पर कार्रवाई की करने की निर्देश दी ।
कोई टिप्पणी नहीं: