कस्तूरबा गांधी विद्यालय, कांके की 360 बालिकाओं को आत्मरक्षा का मंत्र, ऑरेंज बेल्ट प्राप्त कर बालिकाओं ने दिखाई आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की मिसाल
रांची, 21 मई । उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने हेतु कराटे प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था।
जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की 360 बालिकाओं को द्वितीय स्तर का कराटे प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के सफल समापन पर बालिकाओं को आत्मरक्षा में दक्षता के प्रतीक स्वरूप ऑरेंज बेल्ट प्रदान किया गया। यह बेल्ट केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं, बल्कि बालिकाओं के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन और निर्भीकता का भी परिचायक है।
कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सुरभि सिंह, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षिकाएं एवं अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित थे। सभी ने प्रशिक्षणरत बालिकाओं की सराहना की और आत्मरक्षा के महत्व पर बल दिया।
श्रीमती सुरभि सिंह ने कहा, “बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर बालिका निडर होकर अपने सपनों को साकार करे।”
इस पहल को स्थानीय समुदाय और अभिभावकों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। यह प्रशिक्षण सत्र बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में रांची प्रशासन की एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: