भाजपा के आरोप बेबुनियाद और भ्रामक, हेमंत सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कर रही है मजबूत : झामुमो महासचिव विनोद पांडेय का पलटवार
रांची। झारखंड की सियासत में उस समय नया मोड़ आया जब भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बनाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखा पलटवार किया है। पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने मरांडी के बयान को "बेबुनियाद, भ्रामक और तथ्यहीन" करार देते हुए भाजपा पर कड़ा हमला बोला।
श्री पांडेय ने कहा कि मरांडी यह भूल रहे हैं कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में चार वर्षों तक नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति नहीं की गई, जिससे कई संवैधानिक पद खाली पड़े रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर संवैधानिक नियुक्तियों को टालने का खेल खेला था और अब उसी पार्टी को लोकतांत्रिक संस्थाओं की चिंता सता रही है, जो हास्यास्पद है।
"हेमंत सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है", श्री पांडेय ने स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार सभी संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है और नियुक्तियों की प्रक्रिया भी सुव्यवस्थित तरीके से जारी है।
उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक विद्वेष और दुष्प्रचार की राजनीति कर रही है। उनका असली मकसद जनता को गुमराह करना और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करना है।
"राज्य सरकार ने कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिनका असर जमीन पर दिख रहा है।"
श्री पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर झारखंड की लाभुक योजनाओं के लिए फंड जारी करने में देरी कर रही है, जिससे राज्य के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा,
"केंद्र सरकार का यह रवैया न केवल असंवैधानिक है, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों के अधिकारों का हनन है।"
उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता भाजपा के इस दोहरे चरित्र को समझ चुकी है और यही कारण है कि पिछले विधानसभा चुनाव में हेमंत सरकार को भारी बहुमत से सत्ता में दोबारा लाया गया।
अंत में, झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा पहले अपने कार्यकाल की जिम्मेदारियों की समीक्षा करे, फिर दूसरों पर आरोप लगाए।
"सरकार की छवि खराब करने की भाजपा की साजिश सफल नहीं होगी। जनता सब देख और समझ रही है," उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा।
(PSA Live News / राँची दस्तक – राजनीतिक संवाददाता की रिपोर्ट)
कोई टिप्पणी नहीं: