रांची। लोअर बाजार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की और तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर उसे धर दबोचा। आरोपी के पास से लूटी गई राशि में से ₹40,850 नकद, महिला का मोबाइल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
घटना 19 जून 2025 की है। वादिनी संगीता कुमारी, पति रतन कुमार महतो, निवासी गणपत नगर, घुमसा टोली, चुटिया, ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी (कांड संख्या 150/25, धारा 134/307 बीएनएस)। पीड़िता के अनुसार, वह बहू बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया से ₹50,000 की निकासी कर लगभग 11:30 बजे दिन में अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह अपने घर के समीप पहुँची, एक अज्ञात युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उसके हाथ से बैग छीन लिया और पैदल ही भाग निकला।
घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे पीड़िता लुटेरे को सही से पहचान नहीं सकी। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया तंत्र की सहायता से अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित की।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- यश नायक, उम्र लगभग 19 वर्ष
पिता – रमेश कुमार नायक
निवासी – न्यू अंबेडकर नगर, भट्ठी टोली, थाना – चुटिया, जिला – रांची।
पुलिस ने बरामद किया:
- लूटी गई नकद राशि में से ₹40,850
- पीड़िता का मोबाइल फोन
- घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहने गए कपड़े
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
- पु० नि० दयानंद कुमार – थाना प्रभारी, लोअर बाजार
- पु० अ० नि० सुधीर बाड़ा – सहायक निरीक्षक, लोअर बाजार थाना
- पु० अ० नि० दीपक किशोर तिवारी – सहायक निरीक्षक, लोअर बाजार थाना
- स० अ० नि० श्याम जी शर्मा – सहायक अवर निरीक्षक, लोअर बाजार थाना
- स० अ० नि० भीम सिंह – सहायक अवर निरीक्षक, लोअर बाजार थाना
- थाना रिजर्व गार्ड
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध स्वीकार किया है और इस वारदात को अकेले अंजाम देना स्वीकार किया है। शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की बदौलत यह कार्रवाई संभव हो सकी।
लोअर बाजार थाना प्रभारी दयानंद कुमार ने बताया कि इस तरह की घटनाओं पर पुलिस की पैनी नजर है और रांची पुलिस शहर में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे भीड़-भाड़ या एकांत क्षेत्रों में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

कोई टिप्पणी नहीं: