ब्लॉग खोजें

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर राँची में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में कई अहम बिंदुओं पर हुई समीक्षा


राँची :
आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। इसी क्रम में आज दिनांक 11 सितंबर 2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कई संवेदनशील और तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, राँची, श्री राजेश कुमार साहू, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-अंचल अधिकारी (सदर, अरगोड़ा, बड़गाई, नामकुम, हेहल, बुण्डू), सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, कार्यपालक दंडाधिकारी सदर श्री मोहम्मद जफर हसनत सहित अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के मुख्य बिंदु और निर्णय :

(1) अनुपूरक सूची का वार्डवार विखण्डीकरण
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची के वार्डवार विखण्डीकरण एवं अद्यतन की प्रक्रिया पूरी सावधानी से की जाए। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों से कहा कि शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

(2) मतदान केंद्र से संबंधित दस्तावेज
वार्डवार नक्शा, स्क्रूटनी शीट (प्रपत्र-B एवं C) तथा अन्य संबंधित प्रतिवेदनों की स्थिति पर समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवश्यक प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराएं ताकि आयोग को समय पर रिपोर्ट भेजी जा सके।

(3) मतदान केंद्र भवन/स्थल परिवर्तन
कुछ मतदान केंद्रों के भवनों/स्थलों में परिवर्तन की आवश्यकता को देखते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि भवन बदलने की जरूरत हो तो उसका विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराएं

(4) 1400 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्र
बैठक में उन मतदान केंद्रों की सूची पर चर्चा हुई, जहां मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक है। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को समय पर आवश्यक समायोजन करने का निर्देश दिया गया।

(5) आपत्ति निराकरण की स्थिति
मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त आपत्तियों और दावों के निराकरण की प्रगति पर विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का समय पर निपटारा किया जाए और राज्य निर्वाचन आयोग से संबंधित प्रतिवेदन बिना देरी के उपलब्ध कराया जाए

उपायुक्त के निर्देश और जोर

बैठक के अंत में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर राँची में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर राँची में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक Reviewed by PSA Live News on 9:23:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.