ब्लॉग खोजें

“सैनिक स्कूलों से तैयार हो रही राष्ट्र की नई सैन्य शक्ति” : संजय सेठ

केरल के सैनिक स्कूल कझाकूट्टम में 52वें अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रधानाचार्य सम्मेलन–2026 का भव्य शुभारंभ


रांची/ कझाकूट्टम।
केरल के सैनिक स्कूल कझाकूट्टम में आयोजित 52वें अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रधानाचार्य सम्मेलन–2026 में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भाग लेकर देशभर से आए सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित किया। यह सम्मेलन देश की सैन्य शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त, आधुनिक एवं राष्ट्रवादी दृष्टिकोण से विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में हुई, जब केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व निर्माण के केंद्र हैं।

इसके पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों ने देश की सैन्य शिक्षा प्रणाली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सैनिक स्कूल देश के युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जगाने का सबसे सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिंदुस्तान आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस अभियान में सैनिक स्कूलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और नैतिक रूप से भी मजबूत हों।

संजय सेठ ने कहा कि सैनिक स्कूलों ने दशकों से देश को उत्कृष्ट सैन्य अधिकारी, प्रशासक और जिम्मेदार नागरिक दिए हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति, तकनीकी नवाचार, डिजिटल शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण के समन्वय पर बल देते हुए कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए सैनिक स्कूलों को और अधिक आधुनिक बनाना समय की मांग है।

सम्मेलन में सैनिक स्कूल सोसाइटी एवं रक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री सत्यजीत मोहंती, कमोडोर आर. के. शर्मा, ब्रिगेडियर अमित चटर्जी, एयर कमोडोर शक्ति शर्मा, सैनिक स्कूल सोसाइटी के निरीक्षण अधिकारी तथा निदेशक (मिलिट्री एवं सैनिक स्कूल) श्री के. वी. अजीत सहित देशभर के 33 सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

सम्मेलन के दौरान सैनिक स्कूलों की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, एनडीए में चयन दर बढ़ाने, खेल एवं नेतृत्व क्षमता विकास, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सैनिक स्कूलों को भविष्य की सैन्य आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया कि सैनिक स्कूल आने वाले समय में हिंदुस्तान की सैन्य शक्ति, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रवादी सोच को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाते रहेंगे।

“सैनिक स्कूलों से तैयार हो रही राष्ट्र की नई सैन्य शक्ति” : संजय सेठ  “सैनिक स्कूलों से तैयार हो रही राष्ट्र की नई सैन्य शक्ति” : संजय सेठ Reviewed by PSA Live News on 9:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.