ब्लॉग खोजें

शबद-कीर्तन से गुंजायमान हुआ कृष्णा नगर, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ निकला भव्य नगर कीर्तन


रांची, 17 अप्रैल: 
वैसाखी पर्व एवं श्री गुरु अंगद देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर कृष्णा नगर कॉलोनी शुक्रवार की सुबह भक्ति, सेवा और उत्साह के रंग में रंगी नजर आई। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा एवं गुरु नानक सेवक जत्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 4:45 बजे गुरुद्वारा साहिब के दर्शन दिउड़ी गेट से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।

नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे—संदीप सिंह चूचरा, अमरजीत सिंह मुंजाल, कवलजीत सिंह मिड्ढा, अमन माकन एवं रमनदीप सिंह—ने की, जबकि पांच निशानची सतविंदर सिंह चूचरा, हरविंदर सिंह मिड्ढा, रविंद्र सिंह चूचरा, हरप्रीत सिंह मुंजाल और राहुल दुआ शामिल रहे। पुष्पों से सजी पवित्र पालकी में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी पूरे कृष्णा नगर कॉलोनी में भ्रमण करती रही।

इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पालकी के आगे-आगे महिला एवं पुरुष श्रद्धालु “वाहेगुरु” के जाप के साथ सेवा भाव से रास्ते की सफाई करते हुए झाड़ू लगाते और जल का छिड़काव करते चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर गुरु साहिब का स्वागत किया गया।

नगर कीर्तन का सबसे आकर्षक पहलू रहा शबद-कीर्तन, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुरु नानक सत्संग सभा की कीर्तन मंडली—इंदर मिड्ढा, रमेश पपनेजा, सुरजीत मुंजाल, केसर पपनेजा, गीता कटारिया, शीतल मुंजाल, रेशमा गिरधर, इंदु पपनेजा एवं नीता मिड्ढा—द्वारा प्रस्तुत “साहिब मेरा नीत नवा…”, “कोई आण मिलावै मेरा प्रीतम प्यारा…”, “कर किरपा वसो…”, “हर जिओ नाम परयो…” और “माधो हम ऐसे तू ऐसा…” जैसे मधुर शबदों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

नगर कीर्तन के मार्ग में विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों द्वारा चाय, बिस्किट, मिठाई, सॉफ्ट ड्रिंक, मिल्क शेक, केक एवं नमकीन का वितरण कर भव्य स्वागत किया गया। गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी ने पूरे मार्ग में चंवर सेवा निभाई, वहीं सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा, मनीष मिड्ढा एवं नवीन मिड्ढा ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।

करीब साढ़े तीन घंटे के भ्रमण के बाद नगर कीर्तन सुबह 8:30 बजे पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा, जहां अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

आगामी कार्यक्रमों की जानकारी
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि इस पावन अवसर पर 18 एवं 19 अप्रैल को दसवां महान कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा। इसके तहत दो विशेष दीवान सजाए जाएंगे—पहला 18 अप्रैल को रात्रि 8:00 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा 19 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक। कीर्तन दरबार में प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह जी (पटना साहिब) शबद-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल करेंगे।

इसके अलावा 19 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब परिसर में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। दोनों ही दीवानों के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।

नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसने इस धार्मिक आयोजन को और भी भव्य एवं सफल बना दिया।

शबद-कीर्तन से गुंजायमान हुआ कृष्णा नगर, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ निकला भव्य नगर कीर्तन शबद-कीर्तन से गुंजायमान हुआ कृष्णा नगर, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ निकला भव्य नगर कीर्तन Reviewed by PSA Live News on 3:30:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.