माननीय राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री पहुंचे उलिहातु, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
खूंटी/उलिहातु । धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड की धरती एक बार फिर श्रद्धा, गौरव और उत्साह से भर उठी। राज्यपाल माननीय श्री संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री माननीय श्री हेमन्त सोरेन तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री माननीय श्री जुएल ओराम आज बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचे, जहां उन्होंने इस महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक को परंपरागत जनजातीय विधि-विधान से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
परंपरागत जनजातीय रीति से पूजा-अर्चना
तीनों माननीय अतिथियों ने पहले भगवान बिरसा मुंडा की जन्मभूमि पर पारंपरिक ‘होंहो’ संस्कार के साथ पूजा-अर्चना की। स्थानीय पुरोहितों और पारंपरिक नायक-पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने धरती आबा के स्मारक स्थल पर विशेष अनुष्ठान किया। इसके बाद सभी ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनकी त्याग-तपस्या को नमन किया।
बिरसा मुंडा के वंशजों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान माननीय राज्यपाल, माननीय मुख्यमंत्री तथा माननीय केंद्रीय मंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने वंशजों को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंटकर और सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान उलिहातु गांव का वातावरण भावनाओं, परंपरा और गर्व की मिश्रित अनुभूति से भर गया।
स्थानिय जनता में उत्साह
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठन उपस्थित रहे। पूरे उलिहातु क्षेत्र में एक पर्व जैसा वातावरण रहा। जनजातीय नृत्य, ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रदर्शन ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाया।
बिरसा मुंडा की विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प
इस अवसर पर नेतागणों ने बिरसा मुंडा की अदम्य संघर्षशक्ति, स्वाभिमान और आज़ादी की लड़ाई में उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनकी विरासत झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान की धरोहर है। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा, विकास और पहचान की रक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
Reviewed by PSA Live News
on
2:39:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: