चार युवक हिरासत में, धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने का सख्त संदेश
रांची। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी मंदिर परिसर और उसके आसपास अड्डेबाज़ी व नशाखोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर), रांची श्री कुमार रजत के नेतृत्व में बुधवार को एक विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सुखदेव नगर थाना की पुलिस टीम के सहयोग से पहाड़ी मंदिर, सीढ़ी मार्ग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से चार युवकों को पकड़ा गया, जो सार्वजनिक स्थल पर नशाखोरी और अवैध रूप से जमावड़ा कर रहे थे।
प्रशासन ने सभी पकड़े गए युवकों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस तरह की गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल दंडाधिकारी श्री कुमार रजत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे स्थानों पर नशाखोरी और अराजक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि आम जनता की शिकायतों के आधार पर ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे पहाड़ी मंदिर परिसर में शांति, सुरक्षा और पवित्र वातावरण बना रहेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
7:08:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: