शिव अवतरण की 90वीं शिवरात्रि पर ब्रह्माकुमारी संस्थान का भव्य आध्यात्मिक आयोजन, विश्व परिवर्तन का दिया गया संदेश
राँची । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र, चौधरी बगान (हरमू रोड) के तत्वावधान में शिव अवतरण एवं संस्थान की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रुकमणि अपार्टमेंट, छप्पन सेट, कुसई, डोरण्डा में एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी निर्मला बहन ने कहा कि परमात्मा शिव के अवतरण की यह 90वीं शिवरात्रि अत्यंत विशेष है। यह समय तमोगुणी, दुखी और अशांत सृष्टि के परिवर्तन की भूमिका तैयार होने का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि अब वह घड़ी आ चुकी है जब शिव पिता परमात्मा का संदेश संसार की आत्माओं तक पहुँचेगा और प्रत्येक आत्मा अपने जीवन का आत्म-परीक्षण कर स्वयं को शक्तिशाली बनाने का संकल्प लेगी।
निर्मला बहन ने कहा कि विश्व परिवर्तन कई प्रकार के मानवीय कुकृत्यों और दैवी आपदाओं का संयुक्त परिणाम होगा। जब आत्माओं के अपने मूल लोक में लौटने का समय आता है, तब शिव पिता युगचक्र को पलटने के लिए सक्रिय होते हैं। आत्माओं की करुण पुकार उन्हें इस धरती पर आने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि शिव पिता को इस धरती पर ज्ञानगंगा बहाते हुए 88 वर्ष हो चुके हैं और उन्होंने एक ऐसी अलौकिक शक्ति-सेना तैयार कर ली है जो शीघ्र ही सृष्टि का कायाकल्प करेगी। उसके बाद यह धरती स्वर्णिम सुखों से झूमती हुई देवताओं की वसुधा बन जाएगी।
कार्यक्रम में संजय समर, संपादक – सन्मार्ग, ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मनोयोग को ईश्वर के साथ जोड़ने से ही मनुष्य में दिव्य गुणों का विकास होता है। जब मन में विवेक का उदय होता है और आत्मा परमात्मा के सम्मुख होती है, तभी हमारे कर्म श्रेष्ठ और कल्याणकारी बनते हैं।
वहीं, बी.के. विजय, सचिव – विजयवर्गीय सभा, राँची ने कहा कि मानव मस्तिष्क की विकृतियों के कारण ही समाज में अनेक समस्याएँ खड़ी हुई हैं। राजयोग के माध्यम से मन के शुद्धिकरण से ही इन समस्याओं का समाधान संभव है। आज हर व्यक्ति की यह इच्छा है कि विकृतियों को नष्ट कर एक सुंदर, शांत और समृद्ध समाज का निर्माण किया जाए।
कार्यक्रम में राम मोहन मंदिर के पुजारी गोपाल जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में यह जानकारी दी गई कि ब्रह्माकुमारी संस्थान में सहज राजयोग का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रतिदिन उपलब्ध है, जिससे कोई भी व्यक्ति आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन शैली अपना सकता है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:29:00 am
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: